कोलकाता: होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत

मृतकों में बांग्लादेशी भी शामिल

कोलकाता: होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत

Photo: PixaBay

कोलकाता/दक्षिण भारत। मध्य कोलकाता की मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट पर मौजूद पांच मंज़िला इमारत में बुधवार तड़के लगी आग में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। इस इमारत में कई होटल थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
रात करीब 1.45 बजे लगी आग को बुझाने के लिए पांच दमकल गाड़ियां लगाई गईं। बचाव कार्य के लिए पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पांच मंजिला इमारत से 80 लोगों को बचाया गया है।

अग्निशमन विभाग के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटनास्थल का दौरा करने के बाद उन्होंने बताया कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक दोनों शामिल हैं।

चौधरी ने कहा, 'हम उनकी पहचान मालूम करने की कोशिश कर रहे हैं। इस इमारत के अंदर हालात बहुत खराब हैं। इसमें कई होटल हैं। यहां जो कुछ हो रहा था, उसे देखकर मैं हैरान हूं।'

आग लगने की वजह के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि ऐसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकता है। उन्होंने कहा, 'लेकिन फॉरेंसिक जांच से ही पता चलेगा कि आग किस वजह से लगी।'

मंत्री ने कहा, 'बिल्डिंग प्रबंधन ने सुरक्षा और निर्माण के बुनियादी नियमों का पालन नहीं किया। आरोप है कि होटल के कामकाज में कई अनियमितताएं थीं।'

घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'घने धुएं के कारण दमकल कर्मियों के लिए सीढ़ियां चढ़कर ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है।'

उन्होंने कहा, 'हमारी प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को बचाना और आग लगने की वजह का पता लगाना है। आग बुझा दी गई है, लेकिन इमारत बहुत ज़्यादा गर्म है। उसे ठंडा करने का काम चल रहा है।'

पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल की इमारत के पास स्थित है। इमारत का मालिक अभी फरार बताया जा रहा है। न्यू मार्केट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया जा रहा है और इमारत के मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो रही है।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download