बिहार: मंदिर में भगदड़ से 6 लोगों की मौत, कई घायल
मंदिर में भारी भीड़ थी
Photo: PixaBay
लखीसराय/दक्षिण भारत। बिहार के लखीसराय ज़िले में सोमवार को अशोक धाम मंदिर में मची भगदड़ में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना श्रावण के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ के कारण हुई।एसडीपीओ शिवम कुमार ने कहा, 'सोमवार सुबह लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी और ज़िला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है।'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।'
उन्होंने कहा, 'घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुःखद है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मर्माहत हूं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।'


