प. बंगाल सरकार ने होटलों और गेस्ट हाउसों में अग्नि-सुरक्षा ऑडिट का आदेश दिया
एक इमारत में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई
Photo: SuvenduWB FB Page
कोलकाता/दक्षिण भारत। यहां एक पुरानी पांच-मंजिला इमारत में लगी आग में बुधवार को चार साल के बच्चे और दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इस इमारत में कई होटल हैं। घटना के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने आग लगने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अग्निशमन और आपातकालीन सेवा मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी दोनों शामिल हैं।उन्होंने कहा कि मध्य कोलकाता में मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट पर स्थित एक इमारत में आग लगने की घटना के बाद, राज्यभर के होटलों और गेस्ट हाउसों में अग्नि-सुरक्षा ऑडिट का आदेश दिया गया।
'किसी हॉरर फ़िल्म के दृश्य जैसा था'
कई लोगों ने दावा किया कि उस जगह पर कोई फायर अलार्म या सुरक्षा उपकरण नहीं थे। होटल में ठहरे बांग्लादेश के एक निवासी ने दावा किया कि जब देर रात करीब 2 बजे आग लगी, तो उसने वहां मौजूद कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे गहरी नींद में सो रहे थे।
उस व्यक्ति ने बताया, 'इमारत की दूसरी और तीसरी मंज़िल काले धुएं से भर गई थी और वहां से निकलना मुश्किल हो रहा था, क्योंकि सीढ़ियों के पास आग भड़क रही थी।' बांग्लादेशी नागरिक ने कहा कि वह अपना कोई भी सामान नहीं बचा सका, क्योंकि उसे जान बचाने के लिए जल्दी से भागना पड़ा।
एक और शख्स ने अपनी जान बचाने के लिए फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया। उसने कहा, 'जब मैं अंधेरे में बाहर निकलने का रास्ता ढूंढ़ रहा था, तब फायर ब्रिगेड के दो अधिकारियों ने मुझे ऊपरी मंजिलों से नीचे उतरने और सुरक्षित रूप से इमारत से बाहर निकलने में मदद की।'


