दक्षिण पश्चिम रेलवे: बेंगलूरु मंडल ने 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

मंडल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला

दक्षिण पश्चिम रेलवे: बेंगलूरु मंडल ने 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया

मंडल रेल प्रबंधक ने परेड का निरीक्षण किया

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। दक्षिण पश्चिम रेलवे के बेंगलूरु मंडल ने एमजी रेलवे कॉलोनी के रेलवे ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और रेलवे सुरक्षा बल, छात्रों, स्काउट्स एंड गाइड्स की परेड का निरीक्षण किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

Dakshin Bharat at Google News
आशुतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, संचालन, यात्री सेवाओं, डिजिटलीकरण और स्थिरता के क्षेत्रों में मंडल की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 161 किमी लंबे येलहंका-धर्मावरम रूट पर सेक्शनल स्पीड को बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है। नौ लेवल क्रॉसिंग हटाए गए हैं, 13 रोड अंडर ब्रिज शुरू किए गए हैं और लगभग 174 किमी की सुरक्षा फेंसिंग का काम पूरा हो गया है।

उन्होंने कहा कि अमृत ​​भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल में 18 स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा बेंगलूरु कैंटोनमेंट स्टेशन को 485 करोड़ रुपए की लागत से फिर से विकसित किया जा रहा है। यशवंतपुर स्टेशन को 378 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है।

बाद में, 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। दपरे महिला कल्याण संगठन (एसडब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) ने रेलवे अस्पताल में मरीज़ों को फल, ब्रेड और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ बांटे।
  
कार्यक्रम में अतिरिक्त मंडल प्रबंधक परीक्षित मोहनपुरिया और प्रवीण कतारकी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्रेयांस चिंचवाड़े, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उमा शर्मा, एसडब्ल्यूआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की बेंगलूरु मंडल अध्यक्ष रीना सिंह, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन और अनेक लोग मौजूद थे।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download