संगरूर: 100 घंटे से ज्यादा बोरवेल में फंसे मासूम ने दम तोड़ा
संगरूर: 100 घंटे से ज्यादा बोरवेल में फंसे मासूम ने दम तोड़ा
संगरूर (पंजाब)/भाषा। पंजाब के संगरूर जिले में 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे दो वर्षीय फतेहवीर सिंह को करीब 110 घंटे बाद मंगलवार सुबह बाहर निकाला गया। बच्चे ने दम तोड़ दिया है। चिकित्सकों ने बताया कि बोरवेल में फंसे रहे बच्चे को पीजीआईएमईआर में मृत अवस्था में लाया गया।
बोरवेल से निकालने के बाद उसे पुलिस सुरक्षा के साथ अस्पताल ले जाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मियों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाला। फतेहवीर को चिकित्सीय सुविधा प्रदान करने के लिए डॉक्टरों की एक टीम मौके पर ही मौजूद थी। वेंटिलेटर की सुविधा से युक्त एक एंबुलेंस भी वहां मौजूद थी।फतेहवीर सिंह जिले के भगवानपुरा गांव में अपने घर के पास एक सूखे पड़े बोरवेल में गुरुवार शाम करीब चार बजे गिर गया था। बोरवेल कपड़े से ढका हुआ था। बच्चा दुर्घटनावश उसमें गिर गया। इसके बाद बच्चे को बाहर निकालने के लिए व्यापक स्तर पर एक बचाव अभियान चलाया गया।
#WATCH Punjab: Two-year-old Fatehveer Singh, who had fallen into a borewell in Sangrur, rescued after almost 109-hour long rescue operation. He has been taken to a hospital. pic.twitter.com/VH6xSZ4rPV
— ANI (@ANI) June 11, 2019
अधिकारी बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने में तो सफल रहे लेकिन वे उस तक खाना-पीना नहीं पहुंचा पाए थे। बच्चे को बचाने के लिए बोरवेल के समांतर एक दूसरा बोरवेल खोदा गया था और उसमें कंक्रीट के बने 36 इंच व्यास के पाइप डाले गए थे।
इस घटना से कुरुक्षेत्र में 2006 में बोरवेल में गिरे बच्चे प्रिंस को बचाए जाने की घटना की याद ताजा हो गई। प्रिंस को करीब 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया था।