राम मंदिर पर विपक्ष को राकेश सिन्हा की चुनौती- लाऊंगा प्राइवेट मेंबर बिल, करेंगे समर्थन?

राम मंदिर पर विपक्ष को राकेश सिन्हा की चुनौती- लाऊंगा प्राइवेट मेंबर बिल, करेंगे समर्थन?

भाजपा नेता राकेश सिन्हा

नई दिल्ली। हाल में उच्चतम न्यायालय द्वारा राम मंदिर-बाबरी मस्जिद मामले की सुनवाई टालने के ​बाद अब यह मुद्दा फिर चर्चा में है। भाजपा के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने एक ट्वीट कर ऐलान किया है कि वे अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्राइवेट मेंबर बिल लाएंगे। इसके लिए उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी है।

Dakshin Bharat at Google News
चूंकि अब तक विपक्ष के कई नेता भाजपा पर यह आरोप लगाते रहे हैं कि उसने राम मंदिर मुद्दे का सियासी फायदा उठाया और जब उसके लोग सत्ता में आ गए तो इसे भूल गए। विपक्ष यह भी पूछता रहा है कि भाजपा नेता मंदिर निर्माण की तारीख कब बताएंगे।

इसके जवाब में राकेश सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘जो लोग भाजपा और आरएसएस को उलाहना देते रहते हैं कि राम मंदिर की तारीख बताइए, उनसे सीधा सवाल है कि क्या वे मेरे प्राइवेट मेंबर बिल का समर्थन करेंगे? समय आ गया है दूध का दूध, पानी का पानी करने का।’ इस ट्वीट के जरिए राकेश सिन्हा ने राहुल गांधी, सीताराम येचुरी, लालू प्रसाद यादव और मायावती से सवाल किया है। उन्होंने इन्हें राम मंदिर पर प्राइवेट मेंबर बिल के समर्थन की चुनौती दे डाली।

बता दें कि सदन में ऐसे सदस्य द्वारा लाए गए बिल को प्राइवेट मेंबर बिल कहते हैं जो मंत्री नहीं है। एक अन्य ट्वीट में राकेश सिन्हा ने उच्चतम न्यायालय के रुख पर टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा, ‘उच्चतम न्यायालय ने आर्टिकल 377, जलीकट्टू, सबरीमाला पर फैसला लेने में कितने दिन लिए? अयोध्या का मामला कई दशकों तक उनकी प्राथमिकताओं में नहीं है। वह हिंदू समाज की प्राथमिकता में जरूर है।’ राकेश सिन्हा के इस बयान के बाद राम मंदिर मामला फिर चर्चा में आ गया है। अगर वे ऐसा बिल लाते हैं तो इस पर जोरदार बहस होने की पूरी संभावना है।

राम मंदिर मामले पर शिवसेना पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुकी है। पार्टी का कहना है कि उद्धव ठाकरे 25 नवंबर को अयोध्या जाएंगे। राकेश सिन्हा द्वारा बिल लाने के फैसले पर भी उसने समर्थन देने की बात कही है।

मंदिर निर्माण को लेकर मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनना चाहिए और वे इसके पक्ष में हैं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी की ओर से कहा जाता रहा है कि वह उच्चतम न्यायालय के फैसले का इंतजार करेगी। संघ की ओर से ऐसे कई बयान आ चुके हैं जिनमें शीघ्र राम मंदिर निर्माण का जिक्र किया गया है। अब देखना होगा कि राकेश सिन्हा यह बिल कब लाते हैं और इस पर विपक्ष का क्या रुख होता है।

ये भी पढ़िए:
– पाकिस्तान में ईशनिंदा मामले में फांसी की सजा पाई ईसाई महिला रिहा, हुआ भारी बवाल
– गोलियों की गूंज में रिकॉर्ड किया वीडियो- ‘मौत से खौफ नहीं, मां तुम्हें प्यार करता हूं’
– विश्व बैंक की सूची में भारत की 23 पायदान लंबी छलांग, कारोबार करना हो रहा आसान
– इस धनतेरस पर राशि के अनुसार खरीदें ये चीजें, बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download

Latest News