पूर्व सांसद रेवन्ना की बैरक से मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया
सीसीबी ने छापेमारी की
Photo: @iPrajwalRevanna X account
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। पुलिस महानिदेशक (जेल और सुधार सेवाएं) आलोक कुमार ने बुधवार को बताया कि बेंगलूरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में सीसीबी की छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया।
मंगलवार को सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने हाई-सिक्योरिटी जेल में बंद हाई-प्रोफ़ाइल कैदियों और दूसरे कैदियों के ख़िलाफ़ चार से पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान फ़ोन ज़ब्त किया गया।आलोक कुमार ने बताया कि सीसीबी ने परप्पना अग्रहारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा, 'सीसीबी ने छापेमारी की। प्रज्ज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉयड फ़ोन ज़ब्त किया गया है।'
जेल अधिकारियों ने 6 अगस्त को रेवन्ना की बैरक की तलाशी भी ली थी, लेकिन टीम को उस समय कोई प्रतिबंधित सामान नहीं मिला था।
ड्यूटी में लापरवाही के लिए डीआईजी (दक्षिण) की रिपोर्ट पर असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट इरन्ना रंगापुर को निलंबित कर दिया गया है, जबकि बेंगलूरु सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उन्होंने कहा, 'इस घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।'
आलोक कुमार ने कहा, '11 अगस्त को सीसीबी ने हाई सिक्योरिटी जेल में कई हाई-प्रोफाइल और अन्य कैदियों की 4-5 घंटे तक तलाशी ली, लेकिन इस दौरान कोई भी प्रतिबंधित सामान नहीं मिला।'
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और जद (एस) नेता एचडी रेवन्ना के बेटे प्रज्ज्वल रेवन्ना ने सन् 2019 से 2024 तक लोकसभा में हासन का प्रतिनिधित्व किया था।
बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में उसे आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई थी। इसके बाद रेवन्ना को परप्पना अग्रहारा जेल में रखा गया।


