विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हूं: अमित शाह
भाजपा ने कहा, 'राहुल गांधी झूठ और धोखे के अपने ही जाल में फंस गए हैं'
Photo: @BJP4India X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर नीट को लेकर छात्र आंदोलन पर सदन में चर्चा कराने का आग्रह किया है। भाजपा ने पत्र को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए कहा, 'अब राहुल गांधी झूठ और धोखे के अपने ही जाल में फंस गए हैं। उन्होंने चर्चा की मांग की थी। सरकार इस पर चर्चा करने के लिए तैयार है।'
भाजपा ने कहा, 'लेकिन वे (राहुल गांधी) न तो बहस से भाग सकते हैं और न ही बिना बेनकाब हुए उसमें शामिल हो सकते हैं। सदन इंतज़ार कर रहा है। क्या राहुल गांधी आएंगे?'अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए पत्र में लिखा, 'आपको विदित है कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिज़नेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सरकार की ओर से संसद में नीट पर छात्र आंदोलन पर चर्चा के लिए सहमति दी है।'
उन्होंने लिखा, 'मैं यह भी उल्लेख करना चाहता हूं कि विपक्ष के आग्रह से पूर्व ही, संसद के वर्तमान सत्र में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026 पर चर्चा हो चुकी है, जिसमें विपक्ष के किसी भी सांसद ने नीट के संबंध में सदन में कोई भी विचार व्यक्त नहीं किया। इसके बावजूद, सरकार पुनः इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।'
उन्होंने लिखा, 'मेरा आपसे अनुरोध है कि विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से आज से जितने समय, जितने घंटे आप उचित समझें, उतना समय आवंटित करने की कृपा करें। मैं निर्धारित समय के दौरान सदन में उपस्थित रहकर, इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेना चाहता हूं और विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हूं।'
उन्होंने लिखा, 'लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलता है। मेरा, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है और मेरा यह मानना है कि यह सदन चर्चा और संवाद के लिए ही है। अतः, आपसे आग्रह है कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा करके, इस महत्त्वपूर्ण विषय पर एक अच्छे वातावरण में चर्चा कराने की कृपा करें, ताकि इस विषय पर पक्ष विपक्ष के सभी सदस्य अपने बहुमूल्य मत एवं विचार प्रस्तुत कर सकें।'


