भाजपा को 'हर घर तिरंगा' अभियान आरएसएस मुख्यालय से शुरू करना चाहिए: प्रियंक खरगे
कर्नाटक के गृह मंत्री ने फिर साधा आरएसएस पर निशाना
Photo: PriyankMKharge FB Profile
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने 'हर घर तिरंगा' अभियान पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपना 'हर घर तिरंगा' अभियान आरएसएस मुख्यालय से शुरू करना चाहिए।
प्रियंक खरगे ने कहा, 'आज़ादी के बाद पांच दशकों से भी ज़्यादा समय तक, आरएसएस ने नागपुर स्थित अपने मुख्यालय में भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया था। तिरंगा आधिकारिक तौर पर सन् 2002 में ही फहराया गया था।'प्रियंक खरगे ने कहा, 'हर भारतीय को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने से पहले, शायद भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि उसकी वैचारिक मूल संस्था ने तिरंगे के बजाय भगवा ध्वज को क्यों चुना और इतने लंबे समय तक उसके अपने मुख्यालय से राष्ट्रीय ध्वज क्यों नदारद रहा?'
उन्होंने कहा, 'एक सीधा-सा सवाल अब भी बाकी है: आपने आरएसएस के कितने ऐसे रूट मार्च देखे हैं जिनमें स्वयंसेवक पूरी यूनिफॉर्म में, गर्व के साथ भारतीय तिरंगा लेकर मार्च करते हैं? कोई नहीं। और ये लोग हर किसी को 'देशभक्त' होने का सर्टिफ़िकेट बांटते फिरते हैं।'
वहीं, आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 15 अगस्त और 26 जनवरी को संघ मुख्यालय में तिरंगा फहराया जाता है। 'तिरंगे के सम्मान के लिए स्वयंसेवक हमेशा आगे रहे हैं और ज़रूरत पड़ी तो देश और तिरंगे के लिए प्राण देने को तैयार हैं।'


