प्रशांत किशोर और नीरज सिन्हा ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए
किशोर ने कहा- बिहार में राजनीतिक बदलाव की पुकार है
Photo: jansuraajofficial Instagram account
पटना/दक्षिण भारत। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा ने सोमवार को बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
किशोर, जो कुछ महीने पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा खाली की गई सीट पर कब्ज़ा करना चाहते हैं, के साथ उनकी पत्नी जाह्नवी दास भी थीं, जो असम की डॉक्टर हैं।दास लाइमलाइट से दूर रहती हैं, लेकिन उन्होंने अपने पति का साथ देने का फ़ैसला किया, जो राजनीति में अपनी शुरुआत कर रहे हैं।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद किशोर ने पत्रकारों से कहा, 'यह सिर्फ़ मेरा नामांकन नहीं है, बल्कि बिहार में राजनीतिक बदलाव की एक पुकार है, जहां आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को अपनी कुर्सी छोड़नी होगी।'
खास बात यह है कि किशोर का दावा था कि उपचुनाव बिहार में राजग सरकार के लिए एक जनमत संग्रह साबित होगा और उनकी जीत सम्राट चौधरी को पद छोड़ने पर मजबूर कर देगी। चौधरी राज्य में सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले भाजपा नेता हैं और नब्बे के दशक में एक हत्या के मामले में उनका नाम आया था।
किशोर एक बड़े जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यह जुलूस लगभग एक किलोमीटर दूर भीड़-भाड़ वाले डाक बंगला चौराहे से शुरू हुआ था। इससे पहले, उन्होंने पुलिस लाइंस के पास एक सार्वजनिक मैदान में आयोजित सभा को भी संबोधित किया था।


