दतिया उपचुनाव: शिवसेना (यूबीटी) ने नरोत्तम मिश्रा को टिकट की पेशकश की
उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया
Phoot: DrNarottamMisra FB Page
भोपाल/दक्षिण भारत। शिवसेना (यूबीटी) ने शनिवार को मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने की पेशकश की। भाजपा द्वारा उन्हें टिकट न दिए जाने के बाद उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया था।
शिवसेना (यूबीटी) के मप्र अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि अगर मिश्रा यह प्रस्ताव स्वीकार करते हैं, तो उनकी पार्टी के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे समेत अन्य नेता मध्य प्रदेश में उनके लिए प्रचार करेंगे।उन्होंने कहा, 'हमारे नेतृत्व से बात करने के बाद मैंने मिश्रा को यह प्रस्ताव दिया है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैंने हमारे मध्य प्रदेश आईटी सेल के प्रमुख नाहर सिंह गौर से कहा कि वे सोशल मीडिया पर मिश्रा को दिए गए निमंत्रण का वीडियो मैसेज शेयर करें।'
शिवसेना (उबाठा) के महाराष्ट्र विधानसभा में 20 विधायक और लोकसभा में तीन सांसद हैं। हाल ही में उसके छह लोकसभा सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए थे।
यह प्रस्ताव भाजपा द्वारा शुक्रवार को 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के एक दिन बाद आया है।
भाजपा के इस फैसले के बाद मिश्रा के समर्थकों ने प्रदर्शन किया, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया, बाजार बंद कराया, स्थानीय भाजपा कार्यालय पर ताला लगाया तथा कथित तौर पर हिंसा की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इस बीच, मध्यप्रदेश के मंत्री कैलास विजयवर्गीय ने भाजपा उम्मीदवार बदले जाने की संभावना से इन्कार किया है।
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने और तीन वर्ष की सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण पड़ी है।


