बेंगलूरु: सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस वाहनों को हटाने का अभियान शुरू

मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने क्वींस रोड पर लावारिस वाहनों पर नोटिस चिपकाकर इस अभियान की शुरुआत की

बेंगलूरु: सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस वाहनों को हटाने का अभियान शुरू

Photo: PixaBay

बेंगलूरु/भाषा। बेंगलूरु शहर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस वाहनों को हटाने के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान शुरू किया गया।

Dakshin Bharat at Google News
बेंगलूरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने क्वींस रोड पर लावारिस वाहनों पर नोटिस चिपकाकर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान ग्रेटर बेंगलूरु प्राधिकरण (जीबीए) और यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

मंत्री के कार्यालय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ खाली कराना, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाना और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाना है। यह अभियान बेंगलूरु के फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त रखने तथा शहर के सार्वजनिक स्थानों को अधिक सुलभ और पैदल यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए जारी प्रयासों का हिस्सा है।

ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) और यातायात पुलिस ने बुधवार को सड़कों पर तथा सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस वाहनों को हटाने और उनकी नीलामी के संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी की थी।

इस सूचना में कहा गया है कि 10 जुलाई से सड़कों, खुले स्थानों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कई दिनों से लावारिस हालत में खड़े वाहनों की पहचान की जाएगी। ‘पांचों नगर निगम यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त अभियान चलाएंगे और ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।'

बेंगलूरु विकास मंत्री के कार्यालय ने कहा कि सार्वजनिक सूचना के अनुसार, ग्रेटर बेंगलूरु प्राधिकरण (जीबीए) के तहत आने वाले पांचों नगर निगमों ने जीबीए अधिनियम, 2024 की धारा 324 के प्रावधानों के तहत यह अभियान शुरू किया है।

अधिकारियों ने बताया कि लावारिस वाहनों पर चिपकाए जाने वाले नोटिस में मालिक को वाहन हटाने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। नोटिस चिपकाते समय वाहन के पहिए पर 'व्हील क्लैंप' भी लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यदि सात दिनों के नोटिस की अवधि के भीतर वाहन का मालिक उसे वहां से नहीं हटाता, तो संयुक्त अभियान दल वाहन को जब्त कर लेगा।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों की बाद में वैधानिक दिशा-निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक नीलामी की जाएगी और इसके बाद उनसे संबंधित किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।

जीबीए अधिकारियों ने सभी नागरिकों से इस संबंध में तुरंत संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा, 'यदि आपने अपने किसी वाहन को सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस हालत में छोड़ रखा है, तो जब्ती और उसके बाद सार्वजनिक नीलामी से बचने के लिए उसे तुरंत अपनी निजी संपत्ति में ले जाएं।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download