राजद और कांग्रेस बिहार को कभी विकसित नहीं बना सकते: प्रधानमंत्री
मोदी ने बिहार के मुजफ्फरपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
मुजफ्फरपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर खूब हमले बोले। उन्होंने कहा कि हम छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में शामिल कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। यह हर बिहारी और हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व का विषय होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व के बाद यह मेरी पहली जनसभा है। छठ महापर्व बिहार और देश का गौरव है। देश और दुनिया में छठ महापर्व मनाया जाता है। हम छठ के गीत सुनते हैं तो भाव-विभोर हो उठते हैं। छठी मैया की पूजा में मां की भक्ति है। छठी मैया की पूजा में समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठी मैया की पूजा हमारी साझी विरासत का उत्सव भी है। इसलिए हमारी सरकार का प्रयास है कि दुनिया भी इन मूल्यों से सीखे।प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने देखा है कि आपका यह बेटा तो छठी मैया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ ये कांग्रेस और राजद के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मैया का अपमान कर सकता है? क्या ऐसा अपमान बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वे सहन कर सकती हैं?
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस के लोग कितनी बेशर्मी से बोल रहे हैं? उनके लिए छठी मैया की पूजा नौटंकी है, ड्रामा है। ऐसे लोगों को सजा मिलनी चाहिए या नहीं? जो महिलाएं निर्जला का इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगाजी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं, वे राजद-कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं! क्या बिहार की माताएं- बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी? मैं जानता हूं कि छठी मैया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार का गौरव और बढ़ाना, बिहार की मीठी बोली, बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने में ले जाना, बिहार का विकास करना ही राजग और भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब भारत समृद्ध था, आर्थिक रूप से, ज्ञान-विज्ञान की सबसे बड़ी ताकत था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। इसलिए आज विकसित भारत बनाने के लिए भी बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते। इन पार्टियों ने वर्षों तक बिहार पर एकछत्र राज किया था, लेकिन इन्होंने आपको सिर्फ विश्वासघात दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस वालों की पहचान पांच चीजों से है— कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है। जहां कटुता बढाने वाले राजद और कांग्रेस हों, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां राजद और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता है। गरीब का हक लूट जाता है, सिर्फ और सिर्फ कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं। ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए और उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए। सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का हो, वे किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वे बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वे बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिन्होंने भ्रष्टाचार और घोटाले के रिकॉर्ड तोड़ दिए, वे कानून का राज ला सकते हैं क्या?
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार ने भाजपा-राजग का सुशासन देखा है। आज बिहार में रेल के इंजन बन रहे हैं, डेयरी के बड़े-बड़े प्लांट लग रहे हैं, मखाना अब दुनियाभर में जा रहा है। जंगलराज के दिनों को याद करते हैं तो अंदाजा लगता है कि हालात कितने खतरनाक थे!
प्रधानमंत्री ने कहा कि आप मुजफ्फरपुर के लोग राजद सरकार में हुआ गोलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते। इसी शहर में साल 2001 में स्कूल जाते हुए एक छोटे से बालक को अपराधियों ने दिन-दहाड़े किडनैप कर लिया था और बदले में बहुत सारे रुपए मांगे थे। जब रुपए नहीं दे पाए तो राजद के इन चट्टे-बट्टों ने उस छोटे से बालक के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जंगलराज में पूरे बिहार में आए दिन ऐसी घटनाएं होती थीं। राजद के शासन में करीब 35 से 40 हजार अपहरण हुए थे। रोते-बिलखते मां-बाप से राजद को न तब फर्क पड़ता था और न ही आज उन्हें आपके सुख-दुख से कुछ लेना-देना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस की नीयत क्या है, यह इनके ताजा प्रचार से ही पता चलता है। आप राजद और कांग्रेस के खतरनाक नारे सुन रहे होंगे। आप इनकी हिम्मत और बेशर्मी देखिए कि चुनाव प्रचार में भी कैसे गाने बज रहे हैं। इनके गानों में छर्रा, कट्टा, दुनाली शामिल हैं। यह इनकी सोच का प्रतिबिंब है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नरेंद्र हो या नीतीश, बहनों का सशक्तीकरण हमारी प्राथमिकता रही है। हमने गरीबों को पक्के घर दिए, तो रजिस्ट्री बहनों के नाम पर की। हमने नल दिया, मुफ्त गैस कनेक्शन और मुफ्त अनाज दिया, ताकि बहनों की परेशानी कम हो। अभी यहां नीतीश कुमार की सरकार ने बहनों के स्वरोजगार के लिए बहुत बड़ी योजना चलाई है। 1.30 करोड़ बहनों के खाते में 10-10 हजार रुपए पहुंच चुके हैं। इस पैसे से बिहार की बहनें अपना खुद का कोई न कोई व्यवसाय और काम शुरू कर रही हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम यहीं पर नहीं रुकेंगे।जब फिर से राजग सरकार बनेगी तो इन बहनों को अपना काम बढ़ाने के लिए और ज्यादा प्रोत्साहन दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के चुनावी संग्राम में अब दो युवकों की जोड़ी ने (जो खुद को युवराज मानते हैं) झूठे वायदों की दुकान खोल दी है। एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज और दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज। ये दोनों ही हजारों करोड़ के घोटाले में जमानत पर हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दोनों ने कल भर-भर कर मोदी को गालियां दी हैं। जो लोग नामदार हैं, वे इस कामदार को गालियां तो देंगे ही। कामदार को गाली दिए बिना नामदार का खाना हजम नहीं होता है। दलित और पिछड़े को गाली देना तो ये नामदार अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। इसलिए ये लोग मुझे 24 घंटे दुत्कारते रहते हैं, गालियां देते रहते हैं, क्योंकि इनको बर्दाश्त नहीं होता कि एक पिछड़ा, गरीब घर से निकला, चाय बेचने वाला व्यक्ति आज यहां पहुंच गया है।


