संविधान सिर्फ किताब नहीं, हिंदुस्तान की शक्ति है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने मधुबनी में 'सामाजिक संवाद' कार्यक्रम को संबोधित किया
Photo: IndianNationalCongress FB Page
मधुबनी/दक्षिण भारत। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार के मधुबनी में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान 'सामाजिक संवाद' कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री तय करते हैं कि चुनाव आयुक्त कौन बनेगा? वहां विपक्ष के नेता की एक नहीं सुनी जाती। साल 2023 में भाजपा ने नया कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त पर कोई केस नहीं किया जा सकता। सवाल है- ऐसा कानून क्यों बनाया गया? जवाब है- 'वोट चोरी' करवाने के लिए।
राहुल गांधी ने कहा कि 'वोट चोरी' से जुड़ी मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कुछ नहीं कहा। ऐसा इसलिए, क्योंकि जब ... पकड़ा जाता है तो वह बिल्कुल चुप हो जाता है। उसे पता चल जाता है कि मैं तो फंस गया, अब पकड़ लिया गया हूं।राहुल गांधी ने कहा कि संविधान में लिखा है- हिंदुस्तान के हर नागरिक को एक वोट मिलेगा। अंबानी का बेटा हो या देश का गरीब युवा- दोनों को एक समान वोट मिलता है। अंबानी जैसे पूंजीपतियों को वोट की जरूरत नहीं है, बैंक के दरवाजे उनके लिए खुले हैं, उनका कर्ज माफ हो जाता है। देश में वोट की जरूरत गरीबों को है, क्योंकि इसके बिना आपको कोई अधिकार नहीं मिल सकता।
राहुल गांधी ने कहा कि आजादी से पहले जब लोगों के पास वोट नहीं था तो कोई अधिकार भी नहीं थे। सिस्टम में दलितों, पिछड़ों की कोई भागीदारी नहीं थी, लेकिन आजादी के बाद संविधान ने सभी को हक और भागीदारी दी। इसलिए जिस दिन वोट का अधिकार ख़त्म हो गया, उस दिन से लोगों के पास कोई शक्ति नहीं बचेगी। संविधान सिर्फ किताब नहीं है, हिंदुस्तान की शक्ति है।
राहुल गांधी ने कहा कि एक बार आपका वोट छिन गया तो राशन, घर, जमीन सब चला जाएगा। देश में लोग अपने अधिकार के लिए लड़ पाते हैं, क्योंकि उनके पास वोट और संविधान की ताकत है। अगर वोट और संविधान नहीं रहेगा तो लोग कुछ नहीं कर पाएंगे। नरेंद्र मोदी अभी वोट और संविधान से डरते हैं, लेकिन अगर वोट चोरी पूरी हो गई तो वे अपने घर पर बैठ जाएंगे। आपको दिखेंगे भी नहीं।
राहुल गांधी ने कहा कि याद रखिए, आरएसएस के लोग तिरंगे को सैल्यूट नहीं करते थे। वे लोग अभी भी तिरंगे के लिए दिखावे में खड़े होते हैं, लेकिन उनके दिल में कुछ और है, बाहर कुछ और है।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव में भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं ने कहा कि हम संविधान बदल देंगे। तब हमने कहा- सपने मत देखो। संविधान को कोई ताकत नहीं बदल सकती। सच्चाई यही है कि ये वोट चोरी कर संविधान को ख़त्म करने में लगे हुए हैं।


