केजरीवाल ने भाजपा को पंजाब और गुजरात के स्कूलों की तुलना करने की चुनौती दी
आरोप लगाया- 'आप' को एआई वीडियो से निशाना बनाया
Photo: AamAadmiParty FB Page
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा को पंजाब और गुजरात के 1,000 स्कूलों की तुलना करने की खुली चुनौती दी।
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब के सरकारी स्कूलों को बदनाम करने के लिए छेड़छाड़ किए गए एआई वीडियो का इस्तेमाल कर रही है।केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा, 'मैं भाजपा को चुनौती देता हूं: आप गुजरात में 30 साल से सत्ता में हैं और हम पंजाब में साढ़े चार साल से सत्ता में हैं। मैं आपको पंजाब के 1,000 स्कूलों की लिस्ट दूंगा और आप हमें गुजरात के 1,000 स्कूलों की लिस्ट दीजिए।'
उन्होंने कहा, 'आइए, हम मिलकर इन स्कूलों का निरीक्षण करें और देखें कि कौनसे स्कूल बेहतर हैं।' उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि प्रेस इस प्रक्रिया को कवर करे।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें अपने स्कूलों को बेहतर बनाने के बजाय पंजाब के स्कूलों को बदनाम कर रही हैं।
केजरीवाल ने कहा, 'सिर्फ़ साढ़े चार साल में हमने पंजाब के स्कूलों को बहुत बेहतर बना दिया है। पंजाब में लगभग 19,700 स्कूल हैं, जिनमें से अब सिर्फ़ 500 स्कूल बचे हैं। हमने बाकी 19,200 स्कूलों को बहुत अच्छा बना दिया है। उन 500 स्कूलों में भी काम चल रहा है और अगले डेढ़-दो साल में उन्हें भी ठीक कर दिया जाएगा।'
उन्होंने कहा कि सन् 2022 में जब पंजाब में 'आप' सत्ता में आई, तो राज्य 28वें स्थान पर था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।
केजरीवाल ने कहा, 'हमने अकेले स्कूलों को बेहतर नहीं बनाया; पंजाब के लोगों ने पंजाब के स्कूलों को बेहतर बनाया। पंजाब के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, माता-पिता और बच्चों - सभी ने मिलकर उन्हें बेहतर बनाया।'


