सोनम वांगचुक को अस्पताल स्थानांतरित किए जाने पर क्या बोले केजरीवाल?
मनीष सिसोदिया ने भी पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला
Photo: @AamAadmiParty X account
नई दिल्ली/भाषा। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली पुलिस द्वारा कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल स्थानांतरित किए जाने की शनिवार को कड़ी आलोचना की और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र को बल प्रयोग करने के बजाय संवाद करना चाहिए था।
पार्टी ने विद्यार्थियों से उनके आंदोलन को समर्थन जारी रखने की अपील की। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘इतना अहंकार ठीक नहीं है। उन्हें जबरन उठाने के बजाय, मोदी सरकार को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी।’उन्होंने कहा कि आंदोलन को ‘कुचलने’ के बजाय, देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को सुधारना चाहिए।
दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
सिसोदिया ने कहा, ‘तो, प्रश्नपत्र लीक के लिए यह समाधान दिया गया है: जो कोई भी प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ आवाज उठाए उसे पीटें और उन्हें बिल्कुल भी आवाज न उठाने दें। यह राजनीति नहीं, कायरता है।’
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि 21 दिन से भूख हड़ताल कर रहे वांगचुक की मांगों को पूरा करने के बजाय उन्हें जबरन अस्पताल भेज दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि अनशन के दौरान केंद्र सरकार के किसी भी प्रतिनिधि ने कार्यकर्ता से बात नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने बल प्रयोग किया।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई 20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च से पहले की गई। उन्होंने युवाओं से वांगचुक के आंदोलन का समर्थन जारी रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के जरिए आंदोलन को दबाने के प्रयास सफल नहीं होंगे।
‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी प्रदर्शन स्थल पर दाखिल हुए और इस कार्रवाई के दौरान कैमरे पर सफेद चादरें डाल दीं।
उन्होंने दावा किया कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि वांगचुक तथा अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को वीडियो में रिकॉर्ड होने से रोका जा सके।
‘आप’ विधायक संजीव झा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘डर लाजमी है, तानाशाह हमेशा जनआंदोलन से डरता रहा है। जनआंदोलन का अंत करने की कोशिश तानाशाह का अंत करती है।’
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में सोनम वांगचुक को ‘आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल’ के लिए अस्पताल ले जाया गया।


