आईटीआई लि. को बीएसएनएल से 856.39 करोड़ रुपए का 4जी विस्तार ऑर्डर मिला
कंपनी ने हासिल की एक और उपलब्धि
Photo: ITILimited1948 FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। प्रमुख टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग कंपनी आईटीआई लिमिटेड को हाल में बीएसएनएल से पश्चिमी भारत में 4जी मोबाइल नेटवर्क के विस्तार के लिए 856.39 करोड़ रुपए का वर्क ऑर्डर मिला है। इस काम के दायरे में पश्चिमी ज़ोन में 7,613 साइट्स के लिए टर्नकी आधार पर 4जी मोबाइल नेटवर्क की योजना, इंजीनियरिंग, आपूर्ति, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग शामिल है।
बता दें कि बीएसएनएल घरेलू बाज़ार की ज़रूरतें पूरी करने और टेलीकॉम सेक्टर में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए स्वदेशी 4जी टेलीकॉम उपकरणों की एक महत्त्वपूर्ण परियोजना को लागू कर रहा है।आईटीआई लि. ने टीसीएस के साथ मिलकर बीएसएनएल के पश्चिमी ज़ोन, जिसमें महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और मुंबई एलएसए शामिल हैं, के लिए फ़ेज़ 9.2 के तहत 4जी मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने की 2,640 करोड़ रुपए की टर्नकी परियोजना पूरी की है। इसमें पश्चिमी ज़ोन में 23,633 साइट्स पर 4जी मोबाइल नेटवर्क की आरएफ योजना, इंजीनियरिंग, आपूर्ति, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग, कमीशनिंग, इंटीग्रेशन और सालाना मेंटेनेंस का काम शामिल था।
इस परियोजना के सफल समापन के बाद आईटीआई लि. को हाल में बीएसएनएल पश्चिमी ज़ोन में 4जी मोबाइल नेटवर्क के विस्तार के लिए एक वर्क ऑर्डर मिला है। इसमें सैचुरेशन साइट्स (डीबीएन फंडेड) भी शामिल हैं।
इस अवसर पर आईटीआई लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक राजेश राय ने कहा, 'यह बहुत गर्व का पल है, क्योंकि हमारे प्रतिष्ठित क्लाइंट बीएसएनएल ने हमें वर्क ऑर्डर देकर आईटीआई लि. की कार्य क्षमता पर भरोसा बरकरार रखा है। आईटीआई लि. देश की 'आत्मनिर्भर टेलीकॉम' पहल को लगातार आगे बढ़ा रही है और इसमें एक सक्षम सहयोगी साबित हुई है।'
आईटीआई लि. अभी हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में बीएसएनएल के लिए 7,000 करोड़ रुपए के भारतनेट फ़ेज़ 3 परियोजनाओं पर काम कर रही है।


