असम: आतंकी संगठन 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' का सदस्य पकड़ा गया

कई दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए

असम: आतंकी संगठन 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' का सदस्य पकड़ा गया

Photo: ISPR

गुवाहाटी/दक्षिण भारत। असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बुधवार को हैलाकांडी ज़िले से पाकिस्तानी आतंकी संगठन 'शहज़ाद भट्टी नेटवर्क' (एसबीएन) के एक कथित सदस्य को गिरफ़्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने बताया कि एसटीएफ ने 25 जुलाई को धुबरी, चिरांग और बारपेटा ज़िलों से इस समूह के तीन अन्य कथित सदस्यों को पकड़ा था।

उन्होंने बताया कि पहले हुईं गिरफ्तारियों और उसके बाद की जांच से मिली जानकारी के आधार पर, एसटीएफ ने हैलाकांडी पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में रामनाथपुर इलाके से 21 साल के एक ऑपरेटिव को पकड़ा।

एक अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान उसके पास से कई दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए। यह ऑपरेशन एसटीएफ के चरमपंथी और राष्ट्र-विरोधी नेटवर्क और उनके गुर्गों के ख़िलाफ़ लगातार जांच और कार्रवाई का हिस्सा है।

सरकारी बयान के मुताबिक, शहज़ाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान में स्थित एक आतंकी संगठन है, जो पूरे भारत में ग्रेनेड, आईईडी, पेट्रोल बम हमलों और टारगेटेड किलिंग (चुनिंदा लोगों की हत्या) से जुड़ा है।

इसमें कहा गया है कि एसबीएन पुलिस, रक्षा और धार्मिक जगहों की रेकी करने और जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थानीय लोगों को पैसे भी देता रहा है। 

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download