तमिलनाडु: राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया

रविवार को विजय लेंगे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ

तमिलनाडु: राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया

Photo: @TVKVijayHQ X account

वीसीके, आईयूएमएल ने टीवीके को दिया समर्थन

चेन्नई/दक्षिण भारत। तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शनिवार को टीवीके प्रमुख विजय को राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया। लोकभवन ने यह जानकारी दी। लोकभवन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण रविवार को सुबह 10 बजे चेन्नई में होगा। 

Dakshin Bharat at Google News
राज्यपाल आर्लेकर ने विजय को 13 मई या उससे पहले तक विश्वास मत हासिल करने का समय दिया। वीसीके और आईयूएमएल द्वारा टीवीके को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की घोषणा के बाद अभिनेता-राजनेता विजय ने शनिवार को राज्यपाल आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें पार्टियों के उन पत्रों को सौंपा जिनमें बिना शर्त समर्थन देने का वादा किया गया था। 

विजय ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के प्रमुख के. सेल्वपेरुंथगई और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी. षणमुगम सहित सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात की।

विजय का समर्थन करने से जुड़े वीसीके के निर्णय के कुछ ही देर बाद, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक और सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी टीवीके को समर्थन दे दिया। आईयूएमएल के दो विधायक हैं। वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से टीवीके के पास संख्या बल बढ़कर 120 हो गया, जो तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए आवश्यक 118 सीटों से दो अधिक है। 

नयी सरकार के गठन को लेकर लगाई जा रही अटकलों और अनिश्चितता की स्थिति को समाप्त करते हुए, टीवीके नेता अधव अर्जुन ने संवाददाताओं को बताया कि वीसीके ने उनकी पार्टी को समर्थन दिया है। वीसीके के वरिष्ठ नेता वन्नी अरसु, जो पार्टी के विधायक दल के नेता भी हैं, ने राज्यपाल को संबोधित पत्र में टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की है। 

अर्जुन ने इस मौके पर कहा, ‘विजय’। उन्होंने टीवीके को समर्थन देने के लिए कांग्रेस, वाम दलों और वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन को धन्यवाद दिया तथा विश्वास जताया कि टीवीके के संस्थापक विजय मुख्यमंत्री बनेंगे। 

वीसीके सूत्रों ने बताया कि पार्टी टीवीके को फिलहाल बाहर से समर्थन देगी। वीसीके के निर्णय के शीघ्र बाद आईयूएमएल ने भी टीवीके को अपने समर्थन का आश्वासन दिया। विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के पास शुरुआत में बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें कम, यानी 108 सीटें थीं। 

टीवीके के संस्थापक नेता ने राज्यपाल से उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करने का आग्रह किया था। विजय चौथी बार लोकभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे। इस बीच, टीवीके कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर जश्न मनाया।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download