'आईएसआई से जुड़े मॉड्यूल ने दिल्ली के मंदिर, ढाबे और मिलिट्री कैंप पर हमले की साज़िश रची'
तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजी थीं
Photo: ISPR
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े गुर्गों के ज़रिए दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर एक मशहूर ढाबे और हरियाणा में एक मिलिट्री कैंप पर हमले की साज़िश रची थी। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, ये खुलासे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा अपने 'गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0' के तहत कई राज्यों से गिरफ्तार किए गए इस मॉड्यूल के नौ कथित गुर्गों से पूछताछ के दौरान सामने आए।सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं ने पाया कि आरोपियों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए उस जगह की तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजी थीं।
उन्होंने बताया कि इस मॉड्यूल ने कथित तौर पर मंदिर पर तैनात पुलिसकर्मियों और अर्द्ध सैनिक बलों को निशाना बनाने तथा दहशत व व्यवधान पैदा करने के लिए गोलीबारी करने की योजना बनाई थी।
सूत्र ने यह भी बताया कि आरोपियों को दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक मशहूर 'ढाबे' पर ग्रेनेड हमला करने का काम भी सौंपा गया था। इस ढाबे पर रोज़ाना हज़ारों लोग आते-जाते हैं, और इस हमले का मकसद बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान पहुंचाना था।
सूत्र ने आगे बताया, 'हिसार में एक सैन्य शिविर की भी कथित तौर पर रेकी की गई और उस इलाके के वीडियो सीमा पार बैठे हैंडलर्स के साथ साझा किए गए। उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी टारगेट लिस्ट में थे।'


