चीन अपने घूसखोर पूर्व कृषि मंत्री को फांसी पर लटकाएगा!
अवैध लाभ को वसूल कर राष्ट्रीय खजाने को सौंप दिया जाएगा
Photo: PixaBay
बीजिंग/दक्षिण भारत। चीन के पूर्व कृषि एवं ग्रामीण मामलों के मंत्री तांग रेनजियान को 38 मिलियन अमेरिकी डॉलर की रिश्वत लेने के मामले में रविवार को मौत की सजा सुनाई गई। हालांकि, दो साल की सजा में छूट रहेगी।
पूर्वोत्तर चीन के जिलिन प्रांत में चांगचुन के इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि कृषि मंत्रालय के प्रमुख सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों के समूह के पूर्व सचिव तांग को आजीवन उनके राजनीतिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया है।अदालत ने कहा कि तांग की सारी निजी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और रिश्वत से अर्जित अवैध लाभ को वसूल कर राष्ट्रीय खजाने को सौंप दिया जाएगा।
अदालत ने कहा कि साल 2007 और 2024 के बीच, तांग ने केंद्रीय और स्थानीय दोनों स्तरों पर अपने विभिन्न पदों का अनुचित लाभ उठाकर व्यापार संचालन, परियोजना अनुबंध और नौकरी समायोजन जैसे मामलों में दूसरों की सहायता की।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बदले उन्होंने 268 मिलियन युआन (लगभग 38 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से अधिक की धनराशि और कीमती सामान को स्वीकार किया था।
तांग ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अपने अंतिम बयान में पश्चाताप व्यक्त किया है। चांगचुन अदालत ने फैसला सुनाया कि तांग के अपराधों, जिनसे राज्य और जनता के हितों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, के लिए मृत्युदंड उचित है।
फिर भी, अपने अपराधों को स्वीकार करने, अवैध लाभ वापस करने तथा अन्य कम करने वाले कारकों में उनके सहयोग को ध्यान में रखते हुए, अदालत ने अपने अंतिम फैसले में तांग को रियायत दी है।


