स्टालिन का उदयनिधि को सीएम, सोनिया का राहुल को पीएम बनाने का सपना साकार नहीं होगा: डॉ. मुरुगन
केंद्रीय मंत्री ने द्रमुक पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
Photo: @DrLMurugan X account
तिरुनेलवेली/दक्षिण भारत। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने कहा कि भ्रष्टाचार मामलों में फंसे द्रमुक नेता पोनमुडी और सेंथिल बालाजी जेल में रहते हुए भी मंत्री पद का दुरुपयोग करते रहे।
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'तिरुनेलवेली में आयोजित मंडल बूथ समिति सम्मेलन में अपने भाषण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर भ्रष्टाचार में डूबी द्रमुक के डर को उजागर किया।'डॉ. मुरुगन ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामले में फंसे द्रमुक के पोनमुडी और सेंथिल बालाजी ने जेल में रहते हुए भी अपने मंत्री पद से सत्ता का दुरुपयोग किया था।
डॉ. मुरुगन ने कहा कि अगर 130वां संविधान संशोधन विधेयक कानून बन जाता है तो भ्रष्ट द्रमुक सदस्य न केवल जेल में होंगे, बल्कि अपने मंत्री पद पर भी नहीं रह पाएंगे। इसीलिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इसे काला कानून कहते हैं।
डॉ. मुरुगन ने कहा कि इस बात को भी अमित शाह ने स्पष्ट रूप से सबके सामने रखा है। द्रमुक सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलते हुए, उन्होंने तास्माक, परिवहन, खनिज संपदा जैसे अनेक विभागों में चल रहे घोटालों की सूची जनता के सामने रखी है।
डॉ. मुरुगन ने कहा कि एमके स्टालिन का उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाने का सपना और सोनिया गांधी का राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का सपना साकार नहीं होगा। अमित शाह ने भी गंभीरता से कहा है कि भाजपा-अन्नाद्रमुक गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में जरूर जीतेगा और सरकार बनाएगा। सभी भाजपा कार्यकर्ता इसके लिए जी-जान से जुट जाएं।


