उपराष्ट्रपति चुनाव: सिद्दरामय्या ने बी सुदर्शन रेड्डी को शुभकामनाएं दीं

कहा- 'उनका जीवन हमारे संविधान के सिद्धांतों को प्रतिबिंबित करता है'

उपराष्ट्रपति चुनाव: सिद्दरामय्या ने बी सुदर्शन रेड्डी को शुभकामनाएं दीं

Photo: @siddaramaiah X account

बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या ने उपराष्ट्रपति पद के इंडि गठबंधन के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को बधाई दी। 

Dakshin Bharat at Google News
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, 'बी सुदर्शन रेड्डी को भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार के रूप में इंडि गठबंधन द्वारा सर्वसम्मति से नामित किए जाने पर बधाई।'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'एक प्रतिष्ठित विधिवेत्ता और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश, वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के एक निर्भीक समर्थक रहे हैं। उनका जीवन हमारे स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और हमारे संविधान के सिद्धांतों को प्रतिबिंबित करता है।'

सिद्दरामय्या ने कहा, 'इस महत्त्वपूर्ण मोड़ पर, यह मुकाबला सिर्फ़ एक चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक वैचारिक लड़ाई है। इस ऐतिहासिक लड़ाई में, मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं।'

बता दें कि बालकृष्ण सुदर्शन रेड्डी का जन्म 8 जुलाई, 1946 को अकुला मायलाराम, रंगा रेड्डी जिला, आंध्र प्रदेश (वर्तमान तेलंगाना) में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने हैदराबाद से पढ़ाई की थी। रेड्डी ने वर्ष 1971 में उस्मानिया विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी। 

वे 2 मई, 1993 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने थे। उन्हें 5 दिसंबर, 2005 को गुवाहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। वे 12 जनवरी, 2007 को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने और 7 जुलाई, 2011 को सेवानिवृत्त हुए।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download