बेंगलूरु की छवि खराब हुई, भगदड़ पर भाजपा कर रही राजनीति: डीके शिवकुमार
सरकार ने घटना की पूरी जिम्मेदारी ली है

Photo: DKShivakumar.official FB Page
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ के कारण हुई जनहानि पर गुरुवार को भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 11 लोगों की जान लेने वाली इस घटना के कारण बेंगलूरु की छवि खराब हुई है।
विपक्ष के इस आरोप पर कि पुलिस ने समारोह के लिए अनुमति नहीं दी थी, उन्होंने कहा, 'मैं इनमें से किसी भी भाजपाई पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। मैं केवल कर्नाटक और देश के लोगों के प्रति जवाबदेह हूं। सभी भाजपाई .. हैं ... वे इन ... चीजों के मास्टरमाइंड भी हैं।'उन्होंने विपक्षी भाजपा और जद (एस) पर शवों पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य सरकार ने घटना की पूरी जिम्मेदारी ली है।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'हम बहुत दुखी हैं। पीड़ित हमारा अपना परिवार है। कर्नाटक की छवि, बेंगलूरु की छवि...हां, हम इसकी (जिम्मेदारी) लेते हैं। हम दूसरों को दोष नहीं दे रहे हैं, हालांकि यह बहुत अप्रत्याशित रूप से हुआ है। किसी ने इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं की थी। 18 साल (आरसीबी की जीत के लिए इंतजार) के बाद, मुझे नहीं पता कि युवाओं में क्या उबल रहा था और वे सभी आ गए। यह बहस का विषय है... चीजें हुई हैं।'
उन्होंने कहा, 'अब हम भी दुख में शामिल हों। हम मृतकों का सम्मान करना चाहते हैं। मेरे मुख्यमंत्री भी सदमे में हैं, मेरे गृह मंत्री भी सदमे में हैं और पूरा राज्य सदमे में है। पूरा राज्य इस पर शोक मना रहा है।'
बोलते समय वे भावुक हो गए और कहा कि घटना में मारे गए सभी लोग परिवार के सदस्य हैं और सरकार को इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद नहीं थी।
About The Author
Related Posts
Latest News
