मुंबई: अदालत ने सैफ पर हमले के आरोपी की पुलिस हिरासत बढ़ाई
रिमांड अवधि समाप्त होने पर बांद्रा में मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश किया

Photo: PixaBay
मुंबई/दक्षिण भारत। मुंबई की एक अदालत ने पिछले सप्ताह बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के घर में डकैती के प्रयास के दौरान उन पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी व्यक्ति की पुलिस हिरासत शुक्रवार को 29 जनवरी तक बढ़ा दी।
पुलिस ने आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर (30) को उसकी पिछली रिमांड की अवधि समाप्त होने पर बांद्रा में मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश किया।उसने अदालत से सात दिन के लिए उसकी हिरासत मांगी और तर्क दिया कि मामले के कुछ महत्त्वपूर्ण पहलुओं की आगे जांच की जरूरत है।
पुलिस ने पहले बताया था कि खान पर हमला करने वाला व्यक्ति, जिसे निकटवर्ती ठाणे शहर से गिरफ्तार किया गया, एक बांग्लादेशी है, जिसने पिछले वर्ष अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था।
सैफ पर गुरुवार को बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर स्थित घर में एक घुसपैठिए ने डकैती के प्रयास के दौरान कई बार चाकू से हमला किया था। यह एक चौंकाने वाला हमला था, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सैफ को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गर्दन और रीढ़ के पास चाकू से किए गए हमलों के बाद उनकी दो सर्जरी की गई थीं।
उन्हें 21 जनवरी को निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
About The Author
Related Posts
Latest News
