
कर्नाटक: भाजपा ने अरविंद लिंबावली की जगह उनकी पत्नी को दिया टिकट
10 और उम्मीदवारों की सूची जारी की
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से तीसरी सूची
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार शाम को 10 और उम्मीदवारों की सूची जारी की। उसने महादेवपुरा सीट से अरविंद लिंबावली की जगह उनकी पत्नी मंजुला को टिकट दिया है। इस तरह उसने अब तक 222 सीटों के उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। अभी मानवी और शिवमोग्गा से उम्मीदवारों की घोषणा होनी बाकी है।
अरविंद लिंबावली की जगह उनकी पत्नी को टिकट देने को लेकर भाजपा नेताओं और विधानसभा क्षेत्र के लोगों में खासी चर्चा है। माना जा रहा है कि पार्टी के नेताओं को यह आशंका थी कि अरविंद को टिकट देने से उनसे जुड़े पुराने विवाद फिर सुर्खियों में आ सकते थे। वहीं, स्थानीय लोगों में उनकी कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी थी।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग?
एक स्थानीय निवासी ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि अरविंद ने जनता से वादे तो किए, लेकिन उन्हें धरातल पर नहीं उतार सके। निश्चित रूप से उनके खिलाफ लहर थी, जिसके मद्देनजर भाजपा ने मंजुला को टिकट देना उचित समझा।
वहीं, भाजपा ने हेब्बल से कट्टा जगदीश को उम्मीदवार बनाया है, जो पूर्व मंत्री कट्टा सुब्रमण्यम नायडू के बेटे हैं। सुब्रमण्यम नायडू लोकायुक्त मामलों में अपनी आय के स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के आरोप के कारण चर्चा में रहे थे। बीबीएमपी के पूर्व पार्षद रहे जगदीश भी भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी थे। हालांकि वे बाद में बरी हो गए।
शेट्टर के कदम की आलोचना
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के घटनाक्रम के बीच उनकी इस 'पूर्व पार्टी' की ओर से हुब्बली-धारवाड़ सेंट्रल सीट से महेश तेंगिनाकाई को टिकट दिया गया है। शेट्टर भाजपा के खिलाफ बयान दे रहे हैं, तो मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई,
वरिष्ठ भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा और सीएन अश्वत्थ नारायण समेत कई नेता उनके इस कदम की आलोचना कर रहे हैं।
बता दें कि महेश भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। वे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के करीबी माने जाते हैं।
रामदास समर्थकों को निराशा
भाजपा ने मैसूरु की कृष्णराजा सीट से अपने मौजूदा विधायक एसए रामदास की जगह श्रीवत्स को उम्मीदवार बनाया है। मैसूरु भाजपा अध्यक्ष श्रीवत्स की उम्मीदवारी से रामदास समर्थकों को निराशा हाथ लगी है। चूंकि पिछली सूचियों में भी रामदास का नाम नहीं था। ऐसे में उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन में जुट गए हैं।
मंजुला अमरेश पर दांव
भाजपा सांसद संगन्ना कराडी की बहू मंजुला अमरेश को कोप्पल से टिकट दिया गया है। बताया जाता है कि लिंगायत नेता संगन्ना कोप्पल से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें टिकट देने से इन्कार कर दिया गया था। उनके जद (एस) में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
माना जा रहा था कि वे सोमवार सुबह दिल्ली जाकर इस्तीफा सौंपने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही भाजपा ने उनकी बहू को टिकट दे दिया।
इन सीटों से ये उम्मीदवार
इसी तरह भाजपा ने गोविंदराज नगर से उमेश शेट्टी को उम्मीदवार घोषित किया है। यहां से वी सोमन्ना विधायक हैं। भाजपा ने नागथन सीट से संजीव ऐहोल, सेदम से राजकुमार पाटिल, रोन से कलाकप्पा बंदी और हगारिबोम्मनहल्ली से बी रमन्ना को टिकट दिया है।
About The Author
Related Posts

Post Comment
Latest News

Comment List