फ़िज़ा में गूंजा जन गण मन, तिरंगा फहराकर वीरों को किया नमन

गणतंत्र दिवस पर आरपीएफ, एनसीसी द्वारा मार्चपास्ट किया गया

फ़िज़ा में गूंजा जन गण मन, तिरंगा फहराकर वीरों को किया नमन

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए

हुब्बली/दक्षिण भारत। दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के महाप्रबंधक संजीव किशोर ने 26 जनवरी को 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर यहां रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों को नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दपरे ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। यह विशेष रूप से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने उल्लेख किया कि दपरे का सुरक्षा रिकॉर्ड भारतीय रेलवे में सर्वश्रेष्ठ में से एक है। प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (केपीआई) के संदर्भ में - जो क्षेत्रीय प्रदर्शन के मापन की एक प्रणाली है, दपरे दिसंबर 2021 में 16वें स्थान पर होने की तुलना में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि दपरे ने समयपालन के मामले में भारतीय रेलवे के समस्त जोन में तीसरा स्थान हासिल किया है।

रेलकर्मियों के प्रयासों को सराहा

इसी तरह मैसूरु मंडल ने रेलवे खेल मैदान में गणतंत्र दिवस मनाया, जिसमें रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हुए। इस अवसर पर तिरंगा फहराने के बाद मंडल रेल प्रबंधक राहुल अग्रवाल ने रेलवे परिवार के सभी सदस्यों, उद्योग और व्यापार में भागीदारों और रेल ग्राहकों को बधाई दी।

राहुल अग्रवाल ने महामारी की प्रतिकूलताओं को पीछे छोड़ते हुए पिछले वर्ष मैसूरु मंडल के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख किया और कहा कि इसे ईमानदार तथा समर्पित रेलकर्मियों के प्रयासों से हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में मैसूरु मंडल का वित्तीय प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है।

परेड का निरीक्षण किया

दपरे के हुब्बली मंडल ने रेलवे इंस्टीट्यूट साउथ ग्राउंड में गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक हर्ष खरे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। अपने संबोधन में, हर्ष खरे ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान दिसंबर 2022 के अंत तक, हुब्बली मंडल से 195.55 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 104.27 प्रतिशत अधिक है।

हुब्बली मंडल ने चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों के दौरान 25.068 मिलियन टन माल की ढुलाई की है, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान 24.116 मिलियन टन की ढुलाई की गई थी, जिसमें 3.95 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

गार्ड ऑफ ऑनर लिया

दपरे के बेंगलूरु मंडल ने यहां रेलवे इंस्टीट्यूट ग्राउंड्स में गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्याम सिंह मुख्य अतिथि थे। उन्होंने तिरंगा फहराया और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), भारत स्काउट और गाइड द्वारा परेड का निरीक्षण किया और गार्ड ऑफ ऑनर लिया।

श्याम सिंह ने दपरे के महाप्रबंधक का संदेश पढ़ा, जिसमें चालू वित्तीय वर्ष में जोन की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों के बारे में बताया गया था। श्याम सिंह ने बेंगलूरु मंडल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उसने यात्री ट्रेनों के संचालन में 96 प्रतिशत समयपालन का प्रभावशाली रिकॉर्ड हासिल किया है। रेलवे केंद्रीय विद्यालय, शामा विद्याशाला और स्टेपिंग स्टोन रेलवे नर्सरी स्कूल के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आरपीएफ की ओर से डॉग शो पेश किया गया।

फहराया तिरंगा, प्रगति का लिया संकल्प

आरडब्ल्यूएफ (रेल पहिया कारखाना) स्टेडियम में 26 जनवरी को 74वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कारखाने के महाप्रबंधक एके अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभा को संबोधित किया।

अपने संबोधन में अग्रवाल ने कहा कि रेल पहिया कारखाना पिछले चार दशकों से भारतीय रेलवे के लिए आवश्यक पहियों, एक्सल और व्हीलसेट के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाकर विकास में योगदान दे रहा है।

उन्होंने कुछ उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि कारखाने ने दिसंबर 2022 तक 1,41,967 पहियों, 70,131 एक्सल यूनिट और 56,323 व्हीलसेट का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि कारखाना 84,000 व्हील सेट, 1,95,300 पहियों और 85,200 एक्सल की आपूर्ति के अब तक के सर्वश्रेष्ठ लक्ष्य को पूरा करने के लिए तैयार है।

गणतंत्र दिवस पर आरपीएफ, एनसीसी द्वारा मार्चपास्ट किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

About The Author

Related Posts

Post Comment

Comment List