लोकतंत्र को सशक्त करने में चौथे स्तम्भ मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका : यादव
लोकतंत्र को सशक्त करने में चौथे स्तम्भ मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका : यादव
जयपुर। श्रम एवं नियोजन, कौशल विकास, कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग मंत्री डॉ जसवंत सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त करने में चौथे स्तम्भ मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है जो समाज के दर्पण के रूप में निरंतर कार्य सम्पादित करता है। श्रम मंत्री डॉ यादव शनिवार को सूचना केन्द्र, अलवर में आयोजित राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता का स्वरूप परिवर्तित हो रहा है जिसमें तीव्रता के साथ प्रमाणिकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधी एवं मीडिया जगत समन्वित रूप से प्रयास कर आमजन तक सरकारी लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पत्रकार कल्याण की दिशा में अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं का समाधान सरकार के माध्यम से कराने का विश्वास दिलाया। उन्होंने पत्रकारों के लिए कार्यालय के लिए १० लाख रुपए की राशि विधायक कोष से देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार संघ की पुस्तिका (हमारी कलम) का विमोचन किया।नगर विकास न्यास के अध्यक्ष देवीसिंह शेखावत ने कहा कि पत्रकार निरंतर सक्रिय रहकर समाज को विविध प्रकार की सूचनां समाचार के रूप में प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि नगर विकास न्यास की आने वाली विज्ञान नगर और शालीमार नगर योजनाओं में मापदंडों को पूर्ण करने वाले पत्रकारों को आवास के लिए भूखंड आवंटित किए जांगे।जिला कलेक्टर राजन विशाल ने कहा कि पत्रकारिता चौथे स्तम्भ के रूप में लोकतंत्र को निरंतर मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से प्रकाश में आए प्रकरणों को प्रशासन सकारात्मक रूप में लेकर सुधारात्मक कार्यवाही करता है। वरिष्ठ पत्रकार अनिल लोढा ने वर्तमान परिपेक्ष्य में मीडिया के मूल्य, अवधारणा एवं उनकी चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार ईश मधु तलवार ने कहा कि बौद्धिक आदान-प्रदान के साथ पत्रकार समस्याओं और उसके समाधान के लिए पत्रकार सम्मेलन बहुउपयोगी होते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के संगठित रहने पर सभी समस्याओं का समाधान संभव है। जिला श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने जिले में विगत् वर्ष संघ द्वारा की गई गतिविधियों की विस्तार से जानकारी प्रदान की। वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश राजोरिया ने आगंतुको का आभार जताया।