राज बब्बर ने शाह को बताया गैर-हिन्दू
राज बब्बर ने शाह को बताया गैर-हिन्दू
सूरत/केवि़डया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के धर्म को लेकर उठे विवाद के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख और जाने माने अभिनेता राज बब्बर ने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को ही गैर हिन्दू करार दे दिया। हालांकि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि बब्बर गलतबयानी कर रहे हैं और उन्हें शाह के धर्म का ज्ञान नहीं है। वह जैन नहीं बल्कि वैष्णव वाणिया (हिन्दू)हैं। बब्बर ने सूरत में शुक्रवार को कहा कि गांधी के धर्म को लेकर प्रश्न उठाने वाली भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि शाह धर्म क्या है। उन्होंने दावा किया कि शाह जैन है और जैन हिन्दू नहीं होता। बदकिस्मती यह है कि हिन्दू होने का सर्टिफिकेट आजकल सिर्फ भाजपा देने में लगी है। धर्म निजी आस्था की बात है। सोमनाथ मंदिर के गैर हिन्दू रजिस्टर में राहुल का नाम दर्ज होने से उठे विवाद की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह परिवार शिवभक्त रहा है उनकी दादी यानी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी रूद्राक्ष पहनती थी जो केवल शिवभक्त ही पहनते हैं। बब्बर ने एक अंग्रेजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘इंसान जहां पैदा होता है। वही उसका धर्म होता है। वह किस पद्धति में है। किस पूजा को करता है। उसका कौन आराध्य है। उसके लिए वह ढोल नहीं बजाता। यहां जो अमित शाह अपने आप को हिंदू कहते हैं। वह तो जैन हैं। पहले तय करें कि जैन हैं या हिंदू हैं। क्योंकि जैन धर्म तो अलग है न।’’ इस बीच स्वयं जैन धर्मावलंबी गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने नर्मदा जिले के केवि़डया में एक सभा के बाद पत्रकारों से कहा कि बब्बर का बयान अज्ञानता भरा है। कांग्रेस की हार की हताशा को दर्शाता है। उन्हें यह नहीं पता कि शाह जैन नहीं बल्कि वैष्णव वणिक (हिन्दू बनिया) हैं।
About The Author
Related Posts
Latest News
