कोरोना का कहर: रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन

कोरोना का कहर: रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का बुधवार को निधन हो गया। वे 65 साल के थे और कर्नाटक के बेलगाम से सांसद थे।
कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। 11 सितंबर को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने उन सभी से अपने स्वास्थ्य पर नजर रखने और जांच कराने का अनुरोध किया था जो हाल में उनके संपर्क में आए थे।उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘आज मेरा कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैं ठीक हूं। डॉक्टरों की सलाह ले रहा हूं। मैं उन सभी से अनुरोध करता हूं, जो पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और कोरोना के कोई भी लक्षण आने पर अपना टेस्ट करवाएं।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेश अंगड़ी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वे एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे, जो हर जगह प्रशंसित थे। उनका निधन दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं। ऊं शांति।’
Shri Suresh Angadi was an exceptional Karyakarta, who worked hard to make the Party strong in Karnataka. He was a dedicated MP and effective Minister, admired across the spectrum. His demise is saddening. My thoughts are with his family and friends in this sad hour. Om Shanti. pic.twitter.com/2QDHQe0Pmj
— Narendra Modi (@narendramodi) September 23, 2020
वहीं, विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मंत्री के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘उन्होंने ट्वीट किया, मुझे याद हैं कभी मुस्कुराते हुए अंगड़ी जी। यह दुखद समाचार सुनकर बहुत दर्द हुआ।’
अंगड़ी के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए, भारतीय जनता पार्टी के नेता सांबित पात्रा ने ‘दिवंगत आत्मा’ के लिए प्रार्थना की। पात्रा ने दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘दिवंगत नेता सुरेश अंगड़ी की आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहा हूं। ओम शांति:!’
बता दें कि कुछ घंटे पहले ही सुरेश अंगड़ी ने भाजपा अध्यक्ष का ट्वीट रीट्वीट किया था, जिसमें जेपी नड्डा ने जम्मू कश्मीर के सांस्कृतिक विकास के लिए नरेंद्र मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र किया था।
1 जून 1955 को जन्मे सुरेश अंगड़ी ने वर्ष 2004 से संसद सदस्य के रूप में और 2019 से 2020 तक रेल राज्य मंत्री के रूप में अपनी मृत्यु तक सेवा की। वे 2004 (14वीं लोकसभा), 2009, 2014 और 2019 में बेलगावी से लोकसभा के लिए चुने गए।
कोविड-19 की चपेट में अब तक जो केंद्रीय मंत्रियों आए हैं उनमें गृह मंत्री अमित शाह, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, आयुष मंत्री श्रीपद नायक, जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं।