कांग्रेस जिन्हें पहले बनाती है, फिर बर्बाद भी करती है: शिवराज

कांग्रेस जिन्हें पहले बनाती है, फिर बर्बाद भी करती है: शिवराज

एक जनसभा में वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करते लोग।

मांडू/बड़कागांव/रामगढ़/भाषा। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यहां कहा कि कांग्रेस एक धोखेबाज पार्टी है और वह भरोसे के लायक नहीं है। इस पार्टी ने चंद्रशेखर, एचडी देवेगौड़ा और इंद्र कुमार गुजराल को प्रधानमंत्री तो बनाया, लेकिन कुछ समय बाद सभी की सरकारें गिरा दीं और किसी को अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने दिया।

Dakshin Bharat at Google News
चौहान ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में बुधवार को विभिन्न जगह सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस पहले बनाती है और फिर खुद ही बर्बाद करती है। झारखंड के विकास के लिए हमें एक स्थिर सरकार चाहिए। रामराज चाहिए और यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा, कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा, उसमें से निकले मधु कोड़ा, भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड तोड़ा, झारखंड को कहीं का नहीं छोड़ा, विकास के रास्ते में बन गए रोड़ा।

उन्होंने कहा कि झारखंड को गठबंधन वाले लूट-लूटकर खा गए। ये लोग झारखंड का विकास नहीं कर सकते। यह इस प्रदेश का दुर्भाग्य रहा कि इसे कोई स्थिर सरकार नहीं मिली, लेकिन रघुवर दास जबसे मुख्यमंत्री बने हैं, तबसे विकास का एक नया इतिहास शुरू हुआ है।

चौहान ने कहा, मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और झारखंड का ऐसा विकास करेगी कि लोग देखते रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि झारखंड का भाग्य और भविष्य बनाने का चुनाव है।

चौहान ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जनता की मांग को पूरा कर झारखंड राज्य बनाया और रघुवर दास ने उसका चहुंमुखी विकास किया। ये गठबंधन वाले झारखंड का विकास नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा, मोदीजी राम हैं, अमित शाहजी हनुमान और रघुवर दास जी नल-नील हैं जो झारखंड के विकास के लिए संकल्पित हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि धरती के प्राकृतिक संसाधनों पर गरीब आदिवासियों को बराबरी का हक दिलाने के लिए भाजपा ने गरीब आदिवासी परिवारों को सस्ता अनाज और रहने के लिए जमीन का मालिक बनाकर मकान बनाने की व्यवस्था की है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पारित होने पर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा कि जल्द ही यह बिल राज्यसभा में भी पास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब पड़ोसी देश से आए किसी पीड़ित हिंदू को जबरदस्ती वापस नहीं भेजा जाएगा।

चौहान ने कहा, हमारा शुरू से मानना है कि एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं हो सकते। कश्मीर विलय का मामला नेहरूजी के हाथों में था, जिसका खामियाजा देश के लोग आज तक भुगत रहे थे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घाटी से अनुच्छेद 370 समाप्त कर इस गलती को सुधारा है।

Tags:

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download