हिंसा बनाम क्रांति: शाह ने दागे सवाल, नक्सलवाद पर अपना रुख स्पष्ट करें राहुल गांधी
हिंसा बनाम क्रांति: शाह ने दागे सवाल, नक्सलवाद पर अपना रुख स्पष्ट करें राहुल गांधी
रायपुर। नक्सलवाद पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर के बयान के बाद इस पर विवाद बढ़ता जा रहा है। रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कई सवाल दागे। उन्होंने राज बब्बर के बयान का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से कहा कि वे नक्सलवाद पर अपना रुख साफ करें।
अमित शाह राजनांदगांव जिले के खुज्जी विधानसभा क्षेत्र की अंबागढ़ चौकी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज बब्बर के बयान पर कहा कि कांग्रेस के एक नेता कल आए थे और उन्होंने बयान दिया कि नक्सलवाद क्रांति है। नक्सलवादी देश में क्रांति कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि आप इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता नक्सलवाद को क्रांति कहते है। आप (राहुल) क्या मानते हैं?बता दें कि राज बब्बर ने एक प्रेस वार्ता के दौरान नक्सलवाद पर विवादित बयान दे दिया था। उन्होंने कहा था कि वे लोग (नक्सली) क्रांति के लिए निकले हैं और उन्हें रोक नहीं सकते हैं। हालांकि उन्होंने अपने बयान को तुरंत ही नया मोड़ देते हुए यह भी कहा कि बंदूक से इस समस्या का हल नहीं निकलने वाला है। बातचीत ही समस्या का हल है।
बंदूक नहीं विकास से क्रांति
राज बब्बर के उक्त बयान पर अब अमित शाह ने सवाल उठाए हैं और राहुल गांधी से स्पष्टीकरण मांगा है। शाह ने प्रदेश और केंद्र सरकार के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि नक्सलवाद से क्रांति नहीं होती और न ही बम-बंदूक और गोलियों से किसी का खून बहाकर क्रांति आती है। उन्होंने विकास कार्यों का हवाला देकर कहा कि गरीबों को गाय और भैंस देकर श्वेत क्रांति लाने से ही क्रांति आती है। उन्होंने दो रुपए किलो चावल वितरण को क्रांति बताया।
अमित शाह ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जब गरीबों को पांच लाख रुपए तक के इलाज का खर्च मिलता है तब क्रांति आती है। उन्होंने किसानों द्वारा खेतों में पसीना बहाने और केंद्र सरकार द्वारा फसलों की डेढ़ गुना कीमत ज्यादा देने को क्रांति से जोड़ा।
समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना
अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को नक्सलवाद में क्रांति नजर आती है और भाजपा को विकास में। उन्होंने उपस्थित लोगों से सवाल किया, मैं छत्तीसगढ़ की जनता से पूछता हूं कि आपको नक्सलवाद को क्रांति मानने वाली कांग्रेस लानी है या विकास को क्रांति मानने वाली भाजपा? उन्होंने लोगों से सवाल किया, आपको नक्सलवाद फैलाने वाली कांग्रेस चाहिए या विकास करने वाली भाजपा?
अमित शाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके कार्यों में जनता का विश्वास साफ देखने को मिल रहा है। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस बार भाजपा की एक प्रचंड विजय होने वाली है और डॉ. रमन सिंह चौथी बार मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। इसी प्रकार अमित शाह ने कोंडागांव जनसभा में भी कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल एक ही परिवार का विकास किया है और छत्तीसगढ़ में एक ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो ‘नवा छत्तीसगढ़, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के सपने को साकार कर सके। शाह ने कहा कि यह केवल डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार ही कर सकती है।
अमित शाह ने प्रदेश में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार के बजट की तुलना करते हुए कहा कि अब यहां लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और बजट में दस गुना तक बढ़ोतरी हो चुकी है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि आपका शासन 55 साल यहां रहा, इस दौरान छत्तीसगढ़ में क्या बना। भाजपा अध्यक्ष ने रविवार को खुज्जी, खैरागढ़ और कोंडागांव में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर खूब शब्दबाण चलाए।
About The Author
Related Posts
Latest News
