घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी
नई कीमत 942 रुपए हो जाएगी
7 मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। घरेलू रसोई गैस की कीमत में प्रति सिलेंडर 29 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब कीमतें बढ़ाई गई हैं, क्योंकि सरकारी ईंधन कंपनियां वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की बढ़ती लागत से जूझ रही हैं।
7 जून से दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपए से बढ़कर 942 रुपए हो जाएगी।यह बढ़ोतरी 7 मार्च को प्रति सिलेंडर 60 रुपए की बढ़ोतरी के बाद हुई है। उस समय पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण ग्लोबल एनर्जी सप्लाई में रुकावट आई थी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतें बढ़ गई थीं। सूत्रों का कहना है कि इस बढ़ोतरी से घरेलू एलपीजी बिक्री पर हुए नुकसान की सिर्फ़ कुछ हद तक ही भरपाई हो पाई है।
भारत में कीमतें दुनिया में सबसे कम
केंद्र सरकार ने कहा कि घरेलू एलपीजी की कीमतों में प्रति सिलेंडर 29 रुपए की बढ़ोतरी के बाद भी भारतीय घरों में खाना पकाने वाली गैस की कीमत दुनियाभर में सबसे कम है। यह स्थिति तब है जब पश्चिम एशिया में रुकावटों के कारण अंतरराष्ट्रीय एलपीजी कीमतों में भारी उछाल आया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर साल पहले चार रिफिल पर 300 रुपए की सब्सिडी मिलेगी, जिसके बाद उन्हें प्रति सिलेंडर 642 रुपए का प्रभावी मूल्य देना होगा। ध्यान रहे कि पिछले साल 9 रिफिल पर सब्सिडी की घोषणा की गई थी।
अनुमान है कि सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों को हालिया बदलाव से पहले बेचे गए हर एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 703 रुपए का नुकसान हो रहा था।


