मार्को रूबियो के साथ बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका का न्योता मिला
नई दिल्ली में उतरते ही रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की
Photo: @BJP4India X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं, विशेष रूप से रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों पर चर्चा की।
कोलकाता की संक्षिप्त यात्रा के बाद नई दिल्ली में उतरते ही रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में अमेरिका आने का निमंत्रण दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, 'अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो का स्वागत करके खुशी हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय व वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।'
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, 'सेक्रेटरी रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को रक्षा, रणनीतिक तकनीकों, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हो रही लगातार प्रगति के बारे में जानकारी दी।'
इसमें कहा गया है कि सेक्रेटरी रूबियो ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमेरिका का दृष्टिकोण साझा किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने शांति प्रयासों के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया और बातचीत तथा कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, 'प्रधानमंत्री मोदी ने सेक्रेटरी रूबियो से राष्ट्रपति ट्रंप को अपना हार्दिक अभिवादन पहुंचाने का आग्रह किया और कहा कि वे उनके साथ लगातार संवाद जारी रखने के लिए उत्सुक हैं।'
राजदूत गोर ने सेक्रेटरी मार्को रूबियो से कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया गया।' रविवार को, रूबियो जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।


