'दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा, स्थितियां तेजी से नहीं बदली गईं तो उपलब्धियों पर पानी फिर जाएगा'

नीदरलैंड के हेग में बोले प्रधानमंत्री

'दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा, स्थितियां तेजी से नहीं बदली गईं तो उपलब्धियों पर पानी फिर जाएगा'

Photo: @BJP4India X account

हेग/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नीदरलैंड के हेग में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इतना प्यार और उत्साह...  सच कहूं तो कुछ देर के लिए मैं भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड में हूं। ऐसे लग रहा है कि जैसे भारत में ही कहीं कोई उत्सव चल रहा है।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि आप नीदरलैंड के समाज और यहां की अर्थव्यवस्था में जो योगदान दे रहे हैं, उस पर हर भारतवासी को गर्व है। मैं आज इस अवसर पर नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मानवता का इतिहास साक्षी है कि समय के साथ अनेक संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति आज भी अपने लोगों के दिलों में धड़कती है। पीढ़ियां बदल गईं, देश बदल गए, परिवेश बदल गए, लेकिन परिवार के संस्कार नहीं बदले हैं, अपनापन नहीं बदला, क्योंकि आपने अपने पुरखों की भाषा को छोड़ा नहीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 16 मई है और यह दिन एक और वजह से बहुत विशेष है। आज से 12 वर्ष पहले 16 मई, 2014 को कुछ खास हुआ था। साल 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है। कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं बहुत छोटी आयु में ही देशभक्ति के रंग में रंग गया था। आप ही मेरे परिवार बन गए। अहम् से वयम् का रास्ता चुन लिया। फिर आपका सुख ही मेरा सुख बन गया और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में, 12 वर्ष प्रधानमंत्री का सेवाकाल ... लोकतांत्रिक विश्व में 25 वर्षों तक ... करोड़ों-करोड़ मतदाताओं का लगातार समर्थन... यह मेरे लिए बहुत ही बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिए यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। यह आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारा भारत बहुत बड़ा सपना देख रहा है। आज देश कह रहा है- हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं चाहिए, हमें बेस्ट चाहिए, हमें फास्टेस्ट चाहिए। इसलिए जब भारत में असीमित आकांक्षाएं हैं, तो प्रयास भी असीम हो रहे हैं। आज भारत का युवा आसमान छूना चाहता है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आपने हाल में देखा होगा कि दुनिया का सबसे बड़ा और सफल एआई समिट भारत ने आयोजित किया। उससे पहले जी-20 का सफल समिट भी भारत ने आयोजित किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने धरती से चंद्रमा की दूरी जितनी है, उससे भी 11 गुना अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है। एक दशक पहले हम मोबाइल फोन आयात करते थे, आज भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है। इसके अलावा आज के भारत की एक और पहचान है। आज का भारत इनोवेशन पॉवर है। आज हमारे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। यह भारतीयों के इनोवेशन का बहुत बड़ा प्रमाण है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिप बनाने में, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी बड़े कदम उठा रहा है। अभी भारत में 12 सेमीकंडक्टर संयंत्रों पर काम चल रहा है। इनमें से दो संयंत्रों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। यानि अब चिप भी, भारत में डिज़ाइन की गई, भारत में निर्मित होगी। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब लोगों के सपने सच होते हैं तो लोकतंत्र पर उनका भरोसा भी मजबूत होता है। मैं आपको हाल के विधानसभा चुनावों का उदाहरण देता हूं। असल, बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में इस बार 80-90 प्रतिशत तक वोटिंग हुई। इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत ज्यादा बढ़ी है और यह हर राज्य का ट्रेंड है।  

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत में वोटर उत्साहित हैं। हमें गर्व होता है कि हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड्स टूट रहे हैं। भारत की महत्वाकांक्षा से प्रेरित यात्रा हमारे लोकतंत्र को सशक्त कर रही है। भारत अपने हर नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी को वैल्यू करता है। लोकतंत्र की जननी के रूप में, यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मानवता के सामने अनेक बड़ी चुनौतियां भी हैं। पहले कोरोना आया, फिर युद्ध होने शुरू हो गए और अब ऊर्जा संकट है। यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन रहा है। अगर ये स्थितियां तेजी से नहीं बदली गईं, तो बीते अनेक दशकों की उपलब्धियों पर पानी फिर जाएगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download