बंगाल से तृणकां का 'भयकाल' जाने वाला है: प्रधानमंत्री

मोदी ने बिष्णुपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया

बंगाल से तृणकां का 'भयकाल' जाने वाला है: प्रधानमंत्री

Photo: @BJP4India X account

बिष्णुपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सम्मान करती है, लेकिन आदिवासी विरोधी तृणकां उनका अपमान करती है। यहां बंगाल में जब राष्ट्रपति आईं, तो तृणकां ने उनका अपमान कैसे किया, यह पूरे देश ने देखा है। बंगाल की बहनें राष्ट्रपति के अपमान को कभी नहीं भूलेंगी।

Dakshin Bharat at Google News
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वही तृणकां है, जो घुसपैठियों को लाभ देने के लिए हर कानून-नियम तोड़ देती है। यह वही तृणकां है, जो धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है। संविधान की भावनाओं का गला घोटने में लगी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की पहचान ही महिला सशक्तीकरण से है, महिला सुरक्षा से है। इसीलिए देश के हर राज्य में बहन-बेटियां भाजपा को सबसे अधिक आशीर्वाद देती हैं। हम चाहते हैं कि विकसित भारत बनाने में बेटियों की भूमिका का विस्तार हो, राजनीति में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियां आएं, लेकिन आपने देखा होगा कि संसद में क्या हुआ। तृणकां ने बंगाल की बहनों के साथ एक और धोखा किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में जब भाजपा सरकार बनेगी तो गरीबों को मुफ्त राशन मिलेगा। कोई आपका राशन छीन नहीं पाएगा। बंगाल की भाजपा सरकार महिलाओं को पक्का घर बनाने के लिए पीएम आवास योजना के तहत 1.5 लाख रुपए तक की मदद देगी। निर्मम सरकार ने यहां आयुष्मान योजना रोक रखी है। बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही महिलाओं को पांच लाख रुपए तक की मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी 'मातृ शक्ति भरोसा कार्ड' की बहुत चर्चा है। इससे बंगाल की हर बहन बहुत खुश है। इससे बंगाल की हर बहन को हर साल 36,000 रुपए मिलेंगे। यहां भाजपा सरकार बनने पर गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपए की मदद दी जाएगी। संतान होने पर 5,000 रुपए की मदद केंद्र सरकार द्वारा भी बहनों को दी जाएगी। बेटियों को शिक्षा के लिए 50,000 रुपए की मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां का 'भयकाल' जाने वाला है। भाजपा के भरोसे का 'सेवाकाल' आने वाला है। चार मई को क्या नतीजे आने वाले हैं, इसकी झलक तृणकां के बड़े नेताओं की भाषा में दिख रही है। कोलकाता में तृणकां के बड़े नेता की धमकियां, उनकी गुंडागर्दी की भाषा, उनका रोना-धोना ... यह 4 मई से पहले का एग्जिट पोल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो अब तक बंगाल के लोगों को डराते थे, वे अब बंगाल टाइगर की दहाड़ से खुद डर गए हैं। यह बंगाल टाइगर बंगाल की जनता है। अब बंगाल की जनता दहाड़ रही है- अब नहीं सहेंगे, हटाकर रहेंगे निर्मम सरकार।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं तृणकां के सभी गुंडों, सिंडिकेट, भ्रष्टाचारियों को एक आखिरी मौका देता हूं। 29 अप्रैल से पहले अपने-अपने थाने में आत्मसमर्पण कर लो, क्योंकि 4 मई के बाद कोई भी बच नहीं पाएगा।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download