ममता दीदी अपने चेले-चपाटों को आगे कर बाबरी मस्जिद बनाने का सपना देख रही हैं: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने पश्चिम बर्धमान में जनसभा को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
पश्चिम बर्धमान/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ममता की सरकार को 'टाटा-बाय-बाय' करने का समय आ गया है। ममता की सरकार को निकालने का मतलब है- घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाना। अगर आप बंगाल से घुसपैठियों को निकालना चाहते हैं तो यह काम केवल और केवल भाजपा कर सकती है।
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने बीएसएफ को बाड़ लगाने के लिए जो 600 एकड़ भूमि चाहिए, वो नहीं दी। फिर बीएसएफ के जवानों पर आरोप लगाती हैं कि वे घुसपैठ करा रहे हैं। अरे ममता दीदी, बीएसएफ के जवान देश के लिए अपना सिर कटा सकते हैं, वे घुसपैठिए को नहीं घुसने देंगे।अमित शाह ने कहा कि आपके दिन (ममता बनर्जी के) अब समाप्त हो चुके हैं। पांच मई को यहां भाजपा सरकार बनेगी और 45 दिन में पूरी 600 एकड़ भूमि हम बीएसएफ को बाड़ लगाने के लिए दे देंगे। इससे घुसपैठ तो समाप्त होगी, साथ ही हम पूरे बंगाल और देशभर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि ये घुसपैठिए हमारे युवाओं का रोजगार खा रहे हैं, गरीबों के चावल खा रहे हैं और देश के अंदर दंगे करा रहे हैं। मैं सारे घुसपैठियों को कहना चाहता हूं कि 5 मई की शाम से ही बंगाल छोड़कर वापस जाना शुरू कर देना, क्योंकि तुम्हारा समय खत्म हो गया है।
अमित शाह ने कहा कि 23 अप्रैल को यहां मतदान है। मैं तृणकां के सारे गुंडों से कहकर जाता हूं कि अपने घर से बाहर मत निकलना, वरना 5 मई के बाद तुम्हारी खैर नहीं है।
अमित शाह ने कहा कि आप लोग (आम नागरिक) बेखौफ और बे-रोक-टोक मतदान करना। ममता के किसी भी गुंडे की मजाल नहीं है कि इस बार वह बंगाल के किसी भी मतदाता को रोक पाए। बड़ी संख्या में मतदान होते ही ममता का जाना सुनिश्चित हो जाएगा। आप सभी की जिम्मेदारी है कि अपने गांव-मोहल्ले से सभी मतदाताओं को मतदान केंद्र पर लेकर आना है।
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने एक जमाने में पूरे भारत का औद्योगिक केंद्र माने जाने वाले बंगाल के युवाओं को बेरोजगार कर दिया है। हमने तय किया है कि बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही 5 बड़े इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाकर पूरे बंगाल में इंडस्ट्री वापस लाने का काम मोदी करने वाले हैं।
अमित शाह ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की नौकरियों में अरबों-करोड़ों रुपए खाने वाले तृणकां के लोग मानते हैं कि हमने कुछ नहीं किया होगा। मैं 'भतीजे' को बता कर जाता हूं कि अपने भ्रष्टाचारियों को आगाह कर देना, भाजपा उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम करेगी।
अमित शाह ने कहा कि हम यहां यूसीसी लाएंगे। 45 दिन में सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग देंगे। हर दीदी के बैंक अकाउंट में हर महीने 3 हजार रुपए भाजपा सरकार पहुंचाएगी। गर्भवती माता को 21 हजार रुपए दिए जाएंगे। सभी बहनों को सरकारी बस में मुफ्त यात्रा मिलेगी। सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण हम करेंगे और बेरोजगार युवा के बैंक खाते में हर महीने 3 हजार रुपए भेजने का काम करेंगे। किसानों के खाते में हर साल 9 हजार रुपए और युवाओं को 10 लाख रुपए तक का लोन देने का काम भाजपा सरकार करेगी।
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी राम मंदिर का विरोध करती थीं और अपने चेले-चपाटों को बंगाल में आगे कर बाबरी मस्जिद बनाने का सपना देख रही हैं। ममता दीदी का चेला हुमायूं कबीर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाना चाहता है।


