गायिका आशा भोंसले का 92 साल की उम्र में निधन
उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था
Photo: asha.bhosle FB Page
मुंबई/दक्षिण भारत। मशहूर गायिका आशा भोंसले का रविवार को निधन हो गया। उनके कई अंगों के काम करना बंद कर दिया था। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने यह जानकारी दी। वे 92 साल की थीं।
आशा भोंसले को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और थकान के चलते यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती ज़नाई भोंसले ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी।आठ दशकों से भी ज़्यादा लंबे करिअर वाली आशा भोंसले अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने रोमांटिक गानों से लेकर ग़ज़लों और जोशीले नगमों तक, कई यादगार धुनें गाईं।
उनके सबसे लोकप्रिय गानों में 'अभी ना जाओ छोड़ कर', 'इन आंखों की मस्ती', 'दिल चीज क्या है', 'पिया तू अब तो आजा', 'दुनिया में लोगों को' और 'जरा से झूम लूं मैं' शामिल हैं।
भोंसले ने अलग-अलग भारतीय भाषाओं में 12,000 से ज़्यादा गाने रिकॉर्ड किए थे। वे कई मशहूर अभिनेत्रियों- मीना कुमारी, मधुबाला, ज़ीनत अमान से लेकर काजोल, उर्मिला मातोंडकर तक, और साथ ही दक्षिण की अभिनेत्रियों जैसे पद्मिनी और वैजयंतीमाला की भी आवाज़ बनी थीं।
उन्होंने साल 2023 में, अपने 90वें जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए दुबई में ‘आशा एट 90: लावइ कॉन्सर्ट' नामक विशेष कॉन्सर्ट में प्रस्तुति दी थी। आशा भोंसले दिग्गज गायिका स्व. लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।


