ममता बनर्जी कटमनी और सिंडिकेट से पूरे बंगाल को परेशान कर रही हैं: अमित शाह

शाह ने डेबरा में जनसभा को संबोधित किया

ममता बनर्जी कटमनी और सिंडिकेट से पूरे बंगाल को परेशान कर रही हैं: अमित शाह

Photo: @BJP4India X account

डेबरा/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Dakshin Bharat at Google News
अमित शाह ने कहा कि 15 साल तक मां, माटी और मानुष का नारा लेकर ममता बनर्जी ने यहां राज किया। उन्होंने हमारे युवाओं को बेरोजगार किया, लाठियां भांजी, बहनों पर अत्याचार किया, किसानों को परेशान किया और अब वे अपनी कटमनी और सिंडिकेट से पूरे बंगाल को परेशान कर रही हैं। अब आपको इस कटमनी और सिंडिकेट से मुक्ति पानी है, घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाना है।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा चाहती है कि बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कर दें, लेकिन ममता बनर्जी इन्हें संभालकर रखना चाहती हैं। ममता दीदी, जितना जोर लगाना है, लगा दें, हम एक एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बंगाल से बाहर निकालेंगे।

अमित शाह ने कहा कि ये घुसपैठिए हमारे युवाओं की नौकरी खा रहे हैं, गरीबों का चावल हजम कर रहे हैं और यहां गुंडागर्दी कर रहे हैं। ममता बनर्जी नहीं चाहतीं कि बंगाल से घुसपैठिए जाएं, लेकिन मैं आज कहकर जाता हूं कि चुनाव के बाद पूरे बंगाल से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर करने का काम भाजपा करेगी।

अमित शाह ने कहा कि सिंडिकेट यहां सभी को परेशान करता है। सीमेंट, बालू या पंखा खरीदना हो, तो हर जगह सिंडिकेट रहता है। एक बार कमल के फूल का बटन दबा दीजिए, इस पूरे सिंडिकेट को गंगा नदी में डालने का काम भाजपा करेगी।

अमित शाह ने कहा कि मैं यहां ममता बनर्जी की ओर से अत्याचार कर रहे गुंडों से कहना चाहता हूं कि अपनी-अपनी जगह तय कर लें कि 5 मई के बाद कहां जाना है, क्योंकि भाजपा की सरकार आने वाली है। जो 5 तारीख के बाद यहां जनता को परेशान करेगा, उसको जेल की सलाखों में डालने का काम हम करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार, कटमनी और मोदी की सरकार का विरोध, इन तीनों चीजों ने यहां जनता को परेशान करके रखा है। बेरोजगारी युवाओं को परेशान कर रही है, मगर आप चिंता मत कीजिए 5 मई के बाद भाजपा हर बेरोजगार युवा को हर महीने 3 हजार रुपए देने वाली है। हर बहन को भी उनके बैंक खाते में 3 हजार रुपए मिलेंगे। यहां के किसानों को एक साल के 9 हजार रुपए देने का भाजपा करेगी।

अमित शाह ने कहा कि आज मैं यहां घाटाल की बाढ़ की बात भी करना चाहता हूं। घाटाल की बाढ़ आने के बाद मोदी ने 1,500 करोड़ रुपए का घाटाल विकास का मास्टर प्लान भेजा था। साठ प्रतिशत की जिम्मेदारी मोदी उठाने वाले थे, लेकिन तृणकां सरकार ने घाटाल मास्टर प्लान का कचरा कर दिया। आप चिंता मत कीजिए, भाजपा की सरकार बनाइए। घाटाल मास्टर प्लान को एक साल के अंदर लागू करके हम बाढ़ की समस्या का समाधान करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही हम यहां यूसीसी लाएंगे। पूरे बंगाल के अंदर किसी को भी 4 शादी करने की अनुमति नहीं होगी। कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। ममता बनर्जी का एक ही उद्देश्य है- अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना, जबकि मोदी का उद्देश्य है- बंगाल के युवाओं को नौकरी देना, रोजगार देना।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download