तृणकां के 15 साल के राज ने बंगाल के हर निवासी, हर परिवार को सिर्फ भय दिया: प्रधानमंत्री
मोदी ने प. बंगाल के कटवा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया
Photo: @BJP4India X account
कटवा/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के कटवा में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बर्धमान में हजारों-हजार लोगों का यह रैला, बंगाल में खेला करने वाला है। यह दृश्य 4 मई के नतीजे का ट्रेलर है। मैं देख रहा हूं, इस चुनाव में आपकी उमंग, उत्साह, आपकी ऊर्जा, संकल्प ... ये भय पर भरोसे की विजय का उद्घोष हैं। बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम, केरल और पुड्डुचेरी में वोट पड़ चुके हैं। वहां भारी मतदान हुआ है। बहुत बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए निकले हैं। महिलाओं ने बड़ी संख्या में वोट डाला है। मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूं, बिना किसी घटना के तीनों राज्यों में मतदान हुआ है। कुछ दिन पहले हमने बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा में देखा है। जहां भी भारी मतदान हुआ है और महिलाएं वोट डालने निकली हैं, वहां भाजपा-राजग को प्रचंड बहुमत मिला है।प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने संकल्प लिया है कि वह बंगाल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाएगी। कल ही बंगाल भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी किया है। इसमें मैंने जो आपको 6 गारंटियां दी हैं, उन्हें लागू करने का रोडमैप है। मैं बंगाल भाजपा के सभी साथियों को इस शानदार घोषणापत्र के लिए बधाई देता हूं। मोदी की गारंटी, तृणकां की निर्मम सरकार के भय को हटाकर भरोसे में बदलने की है। और यह गारंटी पूरी कैसे होगी ... यह पूरा खाका भाजपा के घोषणापत्र में है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां के 15 साल के राज ने बंगाल के हर निवासी, हर परिवार को सिर्फ और सिर्फ भय दिया है। यह चुनाव इसी भय को मिटाने का चुनाव है। तृणकां के भय से मुक्त और भाजपा के भरोसे से युक्त बंगाल ... हमें बनाकर रहना है। यही विकसित बंगाल की तरफ हमारा पहला कदम होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां के धोखे ने आलू किसानों को बर्बाद कर दिया है। एमएसपी पर आलू खरीद का वादा किया था, लेकिन आज किसान का आलू सड़ रहा है। हर किसान का यही हाल है। बंगाल भाजपा ने किसानों के लिए अनेक बड़ी घोषणाएं की हैं। बंगाल के किसानों को डबल इंजन सरकार का डबल बेनिफिट मिलेगा। बंगाल के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि 9,000 रु. मिलेगी — 6,000 रु. केंद्र की और 3,000 रु. बंगाल की भाजपा सरकार देगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के प्रति बंगाल की जनता का प्रेम देखकर तृणकां पैनिक मूड में आ गई है। इसलिए तृणकां आपसे झूठ बोल रही है। तृणकां कह रही है कि भाजपा आएगी तो यह योजना बंद हो जाएगी, वो योजना बंद हो जाएगी। सच तो यह है कि भाजपा कुछ भी बंद नहीं करेगी। भाजपा सिर्फ भ्रष्टाचार की दुकान बंद करेगी, इनकी (तृणकां) लूट बंद करेगी।


