पंजाब: आईएसआई के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
4 ग्रेनेड के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
Photo: @DGPPunjabPolice X account
चंडीगढ़/दक्षिण भारत। पंजाब पुलिस ने गुरुवार को दावा किया कि उसने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और चार हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर और मोहाली की स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल के एक संयुक्त अभियान में, पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने गोला-बारूद के साथ दो विदेशी पिस्तौलें भी बरामद की हैं।उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'एक बड़ी सफलता में, काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित सीमापार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। एक संयुक्त अभियान में, एसएसओसी अमृतसर और एसएसओसी मोहाली ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया और चार हैंड ग्रेनेड तथा दो विदेशी पिस्तौलें, साथ ही गोला-बारूद बरामद किया।'
पुलिस महानिदेशक ने कहा, 'शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर काम कर रहा था और उसके तार चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले में शामिल आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हैं।'
उन्होंने कहा, 'अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।'
पुलिस महानिदेशक ने कहा, 'पंजाब पुलिस संगठित अपराध को खत्म करने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।'


