ईरान ने इजराइल पर की मिसाइलों की बौछार
पूरे देश में बज रहे सायरन
Photo: @Khamenei_fa X account
तेहरान/दक्षिण भारत। ईरान ने शनिवार को अमेरिका-इज़राइल हमले के जवाब में इज़राइल पर भारी मिसाइलें दागीं। इससे पूरे इज़राइल में सायरन बजने लगे।
जेरूसलम पोस्ट के अनुसार, ईरान ने अपने पहले हमले में इज़राइल पर कुल 125 मिसाइलें दागीं। इनमें से 35 इज़राइली एयरस्पेस में घुस गईं और बाकी को पहले ही रोक लिया गया। इस वजह से, मध्य और उत्तरी इज़राइल में सायरन बजने लगे।रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी इज़राइल में एक मिसाइल गिरी। हालांकि इससे किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मिसाइल के छर्रे 20 मंज़िला इमारत से टकराए और 17वीं मंज़िल में घुस गए।
शनिवार सुबह उत्तरी इज़राइल और गोलान हाइट्स पर भारी रॉकेट हमले किए गए। इससे रुक-रुक कर सायरन बज रहे हैं। चिकित्सा टीमों को पहले ही लोगों के इलाज के लिए भेज दिया गया था। साथ ही, बेचैनी से परेशान लोगों का भी इलाज किया गया।
बता दें कि इजराइल ने अमेरिका के साथ मिलकर हमलों को अंजाम दिया है। ईरान ने इज़राइल पर मिसाइलें तब दागीं, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि उनके देश ने तेहरान शासन के खिलाफ ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
आईडीएफ ने ईरान में मिसाइल लॉन्चर और मिसाइलों की तलाश शुरू कर दी है। इसका मकसद आईआरजीसी की इज़राइल के घरेलू मोर्चे पर हमला करने की क्षमता को कम करना है।
ट्रंप ने पहले से रिकॉर्ड किए गए संदेश में ईरानी लोगों से कहा, 'जब हमारा काम हो जाए, तो अपनी सरकार संभाल लेना, यह आपकी होगी।'
ट्रंप ने कहा, "हमारा मकसद ईरानी शासन से आने वाले खतरों को खत्म करके अमेरिकी लोगों की रक्षा करना है। ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं हो सकता।'


