‘व्हाइट कॉलर’ आतंकी मॉड्यूल: आरोपी डॉक्टरों ने आतंकी समूह भी बनाया था!
जांच में लगातार हो रहे बड़े खुलासे
Photo: PixaBay
नई दिल्ली/श्रीनगर/दक्षिण भारत। जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा हाल में पकड़े गए 'व्हाइट कॉलर' आतंकी मॉड्यूल से पता चलता है कि इस मामले में गिरफ्तार डॉक्टर साल 2016 से ही उग्रवाद की ओर झुके हुए थे और उन्होंने 'अंसार इंटरिम' नामक एक नया आतंकवादी संगठन बनाया था। यह केंद्र शासित प्रदेश में और अंदरूनी इलाकों में विनाशकारी गतिविधियां करने में सक्रिय था। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, इस मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही है। यह भी सामने आया है कि डॉ. उमेर-उन नबी, वह व्यक्ति जो 10 नवंबर को लाल किले के बाहर विस्फोटक से भरी कार चला रहा था, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग मारे गए, ने साल 2016 और 2018 में आतंकवादी समूहों में शामिल होने की असफल कोशिश की थी।अब तक इकट्ठा किए गए सबूतों को जोड़ते हुए, अधिकारियों ने कहा कि आरोपी डॉक्टर - मुज्जमिल गनी, उमेर-उन नबी (अब मृत), और अदील राथर, अपने भाई मुज़फ्फर राथर (गायब) के साथ, तथा मौलवी इरफान, कारी आमिर और तुफ़ैल ग़ाज़ी - अप्रैल 2022 में श्रीनगर के डाउनटाउन में ईदगाह में मिले थे।
अधिकारियों ने कहा कि बैठक के दौरान उन्होंने 'अंसार इंटरिम' नामक एक आतंकवादी संगठन बनाने का निर्णय लिया, जिसमें अदील को समूह का 'अमीर' (प्रमुख), मौलवी इरफान को 'उप-अमीर' और गनी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि उग्रवादी समूहों में 'अंसार' आमतौर पर वैश्विक स्तर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अल-कायदा से जुड़ा माना जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि गिरफ्तार डॉक्टरों और प्रचारकों ने पूछताछ में बताया कि नया समूह बनाने की आवश्यकता इसलिए महसूस हुई क्योंकि उनके सभी सक्रिय आतंकवादियों से संपर्क टूट चुके थे। बैठक के दौरान सदस्यों को भूमिकाएं और संचालन कोड सौंपे गए।
उमर ने समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) की भूमिका निभाई और गनी के साथ मिलकर वित्त और खरीदारी संभाली। साल 2023 में समूह ने हरियाणा के सोहना और नूह क्षेत्रों से उर्वरक हासिल करने का निर्णय लिया था। उमर के निर्देश पर एनपीके भी फरीदाबाद की एक रसायन दुकान से खरीदा गया। पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार डॉक्टरों ने कहा कि उमर ने साधारण इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस बनाने के तरीके सीखने के लिए ऑनलाइन वीडियो देखना शुरू किया और उसने ट्रायएसीटोन ट्रिपरऑक्साइड तैयार किया, जो सबसे प्रमुख पेरॉक्साइड विस्फोटकों में से एक है।


