उप्र में सपा की सरकार बनते ही आजम खान के खिलाफ सभी 'झूठे' मामले वापस लिए जाएंगे: अखिलेश

आजम खान को लगभग दो साल की कैद के बाद सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा किया गया

उप्र में सपा की सरकार बनते ही आजम खान के खिलाफ सभी 'झूठे' मामले वापस लिए जाएंगे: अखिलेश

Photo: yadavakhilesh FB Page

लखनऊ/दक्षिण भारत। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई का स्वागत किया। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ सभी 'झूठे' मामले वापस ले लिए जाएंगे।

Dakshin Bharat at Google News
उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के संस्थापक सदस्य आजम खान को लगभग दो साल की कैद के बाद सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा किया गया।
 
अखिलेश यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'आजम खान न केवल समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं, बल्कि उन्होंने समाजवादी आंदोलन में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज बहुत खुशी का क्षण है। उन्हें आखिरकार न्याय मिला है।'

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर खान के खिलाफ दर्ज सभी 'झूठे मामले' वापस ले लिए जाएंगे।

किसी का नाम लिए बगैर यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में भगवा पार्टी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) ने अपने, उपमुख्यमंत्री और अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस ले लिए थे।

उन्होंने कहा, ‘जिस तरह भाजपा सरकार ने अपने नेताओं के खिलाफ मामले वापस लिए हैं, उसी तरह समाजवादी पार्टी की सरकार में आजम खान और अन्य के खिलाफ झूठे मामले वापस लिए जाएंगे।'

यादव ने कहा, 'यहां तक ​​कि जिन पत्रकारों पर फर्जी मामले बनाकर उन्हें निशाना बनाया गया है, उन्हें भी राहत मिलेगी।'

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download