उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए हो रहा मतदान
प्रधानमंत्री ने सबसे पहले डाला वोट
Photo: @BJP4India X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले अपना वोट डाला।
इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला है। यह चुनाव जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के कारण हो रहा है। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिल रही है।सबसे पहले वोट डालने वालों में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अर्जुनराम मेघवाल और किरेन रिजिजू शामिल थे। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, भाजपा सांसद कंगना रनौत और सपा नेता राम गोपाल यादव ने भी वोट डाला।
संसद के दोनों सदनों के सदस्य मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संसद भवन में मतदान करेंगे। मतगणना शाम 6 बजे शुरू होगी और परिणाम देर शाम घोषित किए जाएंगे।
संसद सदस्य उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के लिए पार्टी व्हिप से बाध्य नहीं हैं। यह चुनाव गुप्त मतदान प्रणाली के तहत होता है।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में कुल 788 सदस्य होते हैं - 245 राज्यसभा से और 543 लोकसभा से। राज्यसभा के 12 मनोनीत सदस्य भी चुनाव में मतदान के पात्र होते हैं।
वर्तमान में निर्वाचक मंडल की संख्या 781 है, क्योंकि राज्यसभा में छह और लोकसभा में एक सीट रिक्त है। इस प्रकार बहुमत का आंकड़ा 391 है। राजग के पास 425 सांसद हैं, जबकि विपक्षी खेमे के पास 324 सांसदों का समर्थन है।


