कांग्रेस व विपक्ष का विरोध प्रदर्शन अराजकता और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश: भाजपा
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया
Photo: @BJP4India X account
नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा ने सोमवार को बिहार में मतदाता सूची संशोधन के खिलाफ विपक्षी दलों के विरोध और पिछले चुनावों में कथित 'वोट चोरी' की आलोचना करते हुए उन पर देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सत्तारूढ़ भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोप को झूठ करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के हथकंडे अपना रही है, क्योंकि उसके पास उठाने के लिए कोई अन्य मुद्दा नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का विरोध प्रदर्शन देश में अस्थिरता पैदा करने की एक सोची-समझी रणनीति है।
प्रधान ने आरोप लगाया, 'कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उन 'बड़ी ताकतों' की भाषा बोल रहे हैं, जो भारत में लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते हैं।
प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल बिहार में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची संशोधन पर सवाल उठा रहे हैं तथा चुनाव आयोग के खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं, क्योंकि वे देश में घुसपैठियों को मतदाता बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस और पूरे विपक्ष से इस मुद्दे को संसद में उठाने की अपील करता हूं।' प्रधान ने आगे कहा, 'आप लोगों के मन में डर पैदा करके प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, जनता के फैसले और देश की संवैधानिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं डाल सकते।'


