
'आप' जैसी खोखले वादे करने वाली सरकार मैंने पूरे जीवन में नहीं देखी: शाह
'महान सिख गुरुओं ने न केवल पंजाब, बल्कि देशभर में हमें देशभक्ति, समानता और सद्भाव का पाठ सिखाया'
शाह ने कहा कि पंजाब ऐसा राज्य है, जहां तिरंगे के तीनों रंग देखने को मिलते हैं
गुरदासपुर/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना सारा समय देशभर में अरविंद केजरीवाल के साथ घूमने में बिताते हैं।
शाह ने कहा कि महान सिख गुरुओं ने न केवल पंजाब, बल्कि देशभर में हमें देशभक्ति, समानता और सद्भाव का पाठ सिखाया। इसी पर चलते हुए पंजाब ने आजादी के पहले और आजादी के बाद हर संकट में पूरे देश की रक्षा की है।
शाह ने कहा कि पंजाब ऐसा राज्य है, जहां तिरंगे के तीनों रंग देखने को मिलते हैं। शहीदों के बलिदान के भाव में केसरिया रंग देखने को मिलता है, गुरुओं के शांति और सद्भाव के संदेश में सफेद रंग दिखाई देता है और अन्नदाता जब देश के गोदामों को भर देता है, तब हमें हरा रंग भी देखने को मिलता है।
शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जैसी खोखले वादे करने वाली सरकार मैंने अपने पूरे जीवन में नहीं देखी। यहां के मुख्यमंत्री सिर्फ अरविंद केजरीवाल को देशभर का दौरा करवाते हैं। मुख्यमंत्री का पूरा समय केजरीवाल के दौरे में जाता है, जिस कारण पंजाब की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के पास पंजाब के लिए समय ही नहीं है।
शाह ने कहा कि साल 1984 में जो नरसंहार कांग्रेस के नेतृत्व ने किया था, हजारों निर्दोष सिख भाई-बहनों की हत्या की थी। साल 1984 से लेकर 2014 तक दोषियों को सजा नहीं हुई। सिख दंगों के दोषियों को जेल भेजने का काम नरेंद्र मोदी सरकार ने किया।
About The Author
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List