सर्जिकल स्ट्राइक्स से गर्व से भर उठा था मन : पर्रिकर
सर्जिकल स्ट्राइक्स से गर्व से भर उठा था मन : पर्रिकर
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भारतीय सेना के विशेष कमांडो दलों द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक्स की सफलता की खबर सुनकर उनका मन गर्व से भर उठा था। पर्रिकर ने हाल में दोना पावला स्थित राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान में हिन्द महासागर : आर्थिक एवं भू-रणनीतिक महत्व पर आयोजित एक कार्यशाला में यह बात कही।यह पूछे जाने पर कि जब उन्हें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक्स के सफल होने की खबर मिली तो रक्षामंत्री के रूप में उनके मन में सबसे पहले क्या बात आई, उन्होंने कहा, गर्व। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता की खबर से मन गर्व से भर उठा था। यह एक ब़डा क्षण था और यह सभी के लिए गौरव की बात है। पर्रिकर से पूछा गया कि पहले मुख्यमंत्री, फिर रक्षामंत्री और फिर मुख्यमंत्री, उन्हें यह अनुभव कैसा लगता है? इस पर उन्होंने कहा, रक्षामंत्री के रूप में ब़डी जिम्मेदारी थी, मुख्यमंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी है, दोनों जिम्मेदारी अलग-अलग हैं और वह समाज का ऋण चुका रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि उनका पारिवारिक नाम प्रभु है। उनका पूरा नाम मनोहर प्रभु पर्रिकर है और इस बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।