एनआईए ने धमाका मामले में तृणकां के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के घर पर छापा मारा

टीम के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी थे

एनआईए ने धमाका मामले में तृणकां के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के घर पर छापा मारा

Photo: @NIA_India X account

कोलकाता/दक्षिण भारत। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को दक्षिण 24 परगना जिले में तृणकां के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के आवास पर तलाशी ली।

Dakshin Bharat at Google News
यह तलाशी हाल में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले भांगर में हुए एक बम धमाके की जांच के सिलसिले में की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एनआईए की एक टीम, जिसके साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी थे, सुबह भांगर इलाके के मौखाली स्थित मोल्ला के आवास पर पहुंची और वहां सघन तलाशी अभियान चलाया।

सूत्रों ने बताया कि इस ऑपरेशन में करीब 10 वाहन शामिल थे। एनआईए की टीमों ने बामुनिया गांव, जहां धमाका हुआ था, के कई घरों का दौरा भी किया।

एक अधिकारी के अनुसार, जब एजेंसी की टीम पहुंची, तब मोल्ला अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता उनके बेटे इमरान मोल्ला को परिसर में लाए और तलाशी के दौरान वे टीम के साथ रहे।

बता दें कि बामुनिया गांव में हुए बम धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। उस घटना के बाद, इंडियन सेक्युलर फ्रंट ने इस मामले में एनआईए जांच की मांग की थी।
 
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता दस्तावेज़ों की जांच कर रहे हैं और धमाके के मामले से संबंधित जानकारी जुटा रहे हैं। 
 
इलाके के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। स्थानीय पुलिस को आवास के बाहर तैनात किया गया है।
 
एनआईए ने इससे पहले धमाके की जांच अपने हाथ में ले ली थी। उसने जांच के सिलसिले में तृणकां नेता वाहिदुल इस्लाम समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

मोल्ला, जिन्होंने कैनिंग पुरबा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और साल 2016 तथा 2021 में चुनाव जीते थे, हाल में पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा हटा ली गई।

About The Author

Dakshin Bharat Android App Download
Dakshin Bharat iOS App Download