कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन: ज्योतिषी ने शिवकुमार के लंबे कार्यकाल की भविष्यवाणी की
ज्योतिषी ने नए मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के लिए तीन तारीखें दी हैं
Photo: @DKShivakumar X account
बेंगलूरु/दक्षिण भारत। एक जाने-माने ज्योतिषी ने कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद लंबे कार्यकाल की भविष्यवाणी की है।
उनकी यह भविष्यवाणी इसलिए महत्त्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि व्यापक रूप से यह उम्मीद की जा रही है कि कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में शिवकुमार को ही चुना जाएगा।ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी ने कनकपुरा विधायक शिवकुमार को नए मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के लिए तीन तारीखें दी हैं।
ज्योतिषी ने कहा, 'मैंने उन्हें करीब तीन तारीखें दी हैं। मेरा मतलब है, रविवार (31 मई), 5 जून और 6 जून।' उन्होंने यह भी कहा कि साल 2028 के विधानसभा चुनावों के बाद शिवकुमार सत्ता में लौटेंगे।
कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेता गहन विचार-विमर्श में जुटे हुए हैं, क्योंकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या का इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है और मंत्रिमंडल को भंग कर दिया है।
कर्नाटक में सीएलपी शनिवार को शाम 4 बजे बेंगलूरु के विधान सौधा स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में राज्य में अपने नए नेता का चुनाव करने के लिए बैठक करेगी।
यह दावा करते हुए कि शिवकुमार का मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यकाल लंबा होगा, ज्योतिषी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान का समर्थन मिलेगा।
ज्योतिषी ने कहा, 'वे कोई एक दिन के मुख्यमंत्री या एक बार के मुख्यमंत्री नहीं हैं। वे लंबी पारी खेलेंगे। उनकी कुंडली बहुत अच्छी है। वे कर्नाटक के लिए लंबे समय तक रहेंगे।'
उन्हें इस बात का भी भरोसा था कि शिवकुमार के शासन में कर्नाटक स्वस्थ और समृद्ध बनेगा, क्योंकि उनके पास राज्य के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण है।
साल 2028 के विधानसभा चुनाव जीतने की संभावनाओं के बारे में ज्योतिषी ने कहा, 'निस्संदेह, उन्हें (शिवकुमार को) अगला चुनाव जीतना ही होगा। तभी वे असली मुख्यमंत्री कहलाएंगे। अभी तो सारी ज़िम्मेदारियां उन्हीं के कंधों पर हैं।'
उन्होंने कहा, 'अभी अपनी ज़िम्मेदारियां निभाएं और अगले कार्यकाल में मुख्यमंत्री पद का आनंद लें।'


